जयपुर। कांग्रेस नेता व पीसीसी सचिव पुष्पेंद्र भारद्वाज का कहना है कि इस मानसून हमें ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करना है। बच्चों को अपने जन्मदिन पर पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिये। साथ ही यदि कोई व्यक्ति पेड़ काटता है तो सबसे पहले उसे मना किया जाए। इसके बाद भी वह नहीं मानता है तो कानून का सहारा लेना चाहिए। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में उसकी शिकायत करनी चाहिए। यह बात शुक्रवार को फ्यूचर सोसाइटी और एलआईसी की ओर से आयोजित किए जा रहे डिजिटल बाल मेला में बच्चों से संवाद के दौरान कही।
संवाद के दौरान जयपुर की ख्वाइश गुप्ता ने पर्यावरण पर हुए संवाद में भारद्वाज से पूछा कि बच्चे पर्यावरण का संरक्षण किस तरह कर सकते हैं और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ सुथरा कैसे रख सकते हैं? इस पर पीसीसी सचिव पुष्पेंद्र भारद्वाज ने जवाब देते हुए कहा कि पर्यावरण की देखभाल करना बहुत जरूरी है और पर्यावरण की देखभाल करने से पहले हमें ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने होंगे। इसकी शुरुआत हमें अपने घर से करनी होगी।पुष्पेंद्र भारद्वाज ने ख्वाइश गुप्ता से कहा कि जन्मदिन पर पौधे लगाने की बात बोलते हुए कहा कि वे उन्हें जन्मदिन पर पौधे उपलब्ध करवाएंगे।
संवाद में पर्यावरण संरक्षण को लेकर बच्चों ने पुष्पेंद्र भारद्वाज से सवाल करने के साथ ही कई सुझाव भी दिए। बच्चों ने बताया कि सरकार को ड्रोन की सहायता से पेड़ों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही कहा की सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए कि पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहे लोगों पर सीधी कार्यवाही हो और उन्हें कड़ी सजा दी जाए। संवाद के दौरान पीसीसी सचिव भारद्वाज ने बच्चों का ज्ञानवर्धन किया और बताया कि एक पेड़ करोड़ों रुपए की कीमत के ऑक्सीजन की पूर्ति करता है। ऐसे में पेड़ लगाना बहुत जरूरी है। ये हमारा जीवन बचाने के साथ ही देश को प्रदूषण मुक्त करने में भी सहायता देते है।
