जयपुर : मंत्रियो और अधिकारियो से अच्छी जानकारी होने तथा इस अप्रोच से सरकारी नौकरी लगा देने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया हैं। सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर युवक से एक लाख रुपए ठग लिए। युवक ने कई परीक्षाएं दी। फिर भी उसका किसी भी भर्ती में सिलेक्शन नहीं हुआ। सिलेक्शन नहीं होने पर युवक ने रुपए मांगे तो उसे झांसा देने लगे। युवक ने मालवीय नगर में मुकदमा दर्ज कराया है।
मालवीय नगर के रहने वाले रौनक शर्मा ने बताया कि उसकी कुछ समय पहले शुभम से मुलाकात हुई थी। रौनक सरकारी नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इस दौरान शुभम ने उसकी सरकार में कई मंत्रियों व अधिकारियों से अच्छी जान पहचान होने का दावा किया। उसने सरकारी नौकरी लगाने का झांसा दिया। उसने बोला कि एक लाख रुपए देने पर अधिकारियों से बात कर नौकरी लगवा देगा। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने रुपए लाकर दे दिए। रौनक ने रुपए देने के बाद कई एग्जाम दिए। एग्जाम के बारे में उसने शुभम को बताया। उसका सलेक्शन किसी में भी नहीं हुआ। शुभम उसे झांसा देता रहा कि जल्द ही नौकरी लगवा देगा। काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी। उसने शुभम से रुपए वापस मांगे। शुभम ने कुछ दिनों में रुपए वापस देने की बात कही। बाद में उसके फोन भी उठाने बंद कर दिए। आखिर दुखी होकर रौनक ने पुलिस में मुक़दमा दर्ज कराया हैं।