जयपुर। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री रमेश चन्द मीणा ने कहा कि वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय में सभागार का निर्माण कार्य फरवरी माह के अंत तक पूरा हो जाएगा। मीणा शुक्रवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
इससे पहले ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री ने विधायक भरत सिंह कुन्दनपुर के मूल प्रश्न के लिखित जवाब देते हुए बताया कि विश्व विद्यालय में सभागार निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य प्रगतिरत है जो फरवरी माह के अंत तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस निर्माण कार्य में विधायक कोष से 35.71 लाख रूपये व सासंद कोष से 11.25 लाख रूपये एवं कार्यकारी संस्था दिगम्बजर जैन भगवान महावीर संस्थान दादाबाडी कोटा की हिस्सा राशि 21.43 लाख रूपये सहित कुल 68.39 लाख रूपये का व्यय किया गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग को इस सबंधं में विधायक कोष व सांसद कोष की 65 लाख की राशि के दुरूपयोग के संबंध में विधायक विधान सभा क्षेत्र सांगोद द्वारा निर्माण कार्य की शिकायत प्राप्त हुई थी। मीणा ने बताया कि कार्य का मूल्यांकन कार्यकारी संस्था द्वारा उसे उपलब्ध करवायी गई प्रथम किश्त का उपयोग पूर्ण होने के बाद द्वितीय अथवा अंतिम किश्त की मांग किये जाने पर किया जाता है। कार्य पूर्ण होने पर कार्यकारी संस्था द्वारा अन्तिम किश्त की मांग के समय नियमानुसार मूल्यांकन करवाया जायेगा। वर्तमान में कार्य प्रगतिरत है तथा कार्य में देरी के लिए नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी।
