PAK सीमा के पास तैयार हुआ भारत का ‘रण’वे, इमरजेंसी फील्ड लैंडिंग स्ट्रिप का हुआ उद्घाटन

इमरजेंसी फील्ड लैंडिंग स्ट्रिप

जयपुर : पाकिस्तान की सीमा से 40 किलोमीटर दूर हाईवे पर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इमरजेंसी फील्ड लैंडिंग स्ट्रिप का उद्घाटन किया। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने एनएच 925 ए पर 3 किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी का उद्घाटन किया। रक्षा मंत्री राजनाथ और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को लेकर सेना के सुपर हरकुलिस ने हाईवे पर बनी 3 किलोमीटर की एयर स्ट्रिप पर लैंडिंग की। इसके बाद वायुसेना के लड़ाकू विमान सीधे हाइवे पर उतरे। सुखोई, जगुआर और हरक्यूलिस ने आसमान में अपना दम दिखाया और फिर हाइवे पर लैंडिंग की। यह पाकिस्तान बॉर्डर से सटी देश की पहली इमरजेंसी हवाई पट्टी है। राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी दिल्ली से हरकुलिस से रवाना हुए थे और सुबह करीब 11 बजे इनका विमान अगड़वा-जालोर इमरजेंसी हवाई पट्टी पर उतरा।

इमरजेंसी फील्ड लैंडिंग स्ट्रिप

33 करोड़ की लागत से बनी इमरजेंसी स्ट्रिप

इस हवाई पट्‌टी को बनाने में 33 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एयरपोर्ट के अलावा पहली बार किसी हवाई पट्टी पर उतरने वाले प्लेन में मौजूद थे। रक्षा और ट्रांसपोर्ट मंत्रालय के सहयोग से देश में इस तरह के करीब 12 हाईवे तैयार किए जा रहे हैं।

हवाई पट्‌टी पर प्लेन की पार्किंग, सर्विस रोड भी

बाड़मेर-जालोर जिले की सीमा अगड़ावा में बनी इमरजेंसी हवाई पट्टी वायुसेना के लिए इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए बनाई गई है। 32.95 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस हवाई पट्टी की 3 किमी. लंबाई और 33 मीटर चौड़ाई है। हवाई पट्टी के दोनों सिरों पर 40X180 मीटर आकार की दो पार्किंग भी बनाई गई हैं, ताकि लैंडिंग के बाद विमानों को पार्क किया जा सके। इसके अलावा 25X65 मीटर आकार की एटीसी प्लिंथ का डबल मंजिला एटीसी केबिन के साथ निर्माण किया गया है। इसके अलावा इमरजेंसी हवाई पट्टी के पास 3.5 किलोमीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई गई है।

इमरजेंसी फील्ड लैंडिंग स्ट्रिप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *