Headlines

कर्नाटक की तर्ज पर जयपुर के चाकसू में भी हिजाब विवाद

हिजाब

चाकसू (जयपुर) : पूरे देश में गर्मा चुके कर्नाटक का हिजाब विवाद अब जयपुर के चाकसू में भी पहुंच गया। जयपुर से लगभग 45 किलोमीटर दूर चाकसू के निजी कॉलेज में सुबह कुछ छात्राएं बुर्का पहनकर पहुंची। इस पर कॉलेज प्रशासन ने उन्हें यूनीफॉर्म पहनकर आने को कहा तो विवाद खड़ा हो गया। छात्राएं नाराज हो गईं और विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद छात्राओं ने अपने परिजनों को भी कॉलेज बुला लिया। कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत करवाया।

दरअसल, शुक्रवार सुबह जयपुर से 45 किलोमीटर दूर चाकसू के ग्रामीण अंचल में रहने वाली कुछ छात्राएं बुर्का पहन कॉलेज पहुंच गई। कस्तूरबा कॉलेज प्रबंधन ने छात्राओं को मुख्य भवन में प्रवेश देने से मना कर दिया। साथ ही उन्हें कॉलेज यूनिफॉर्म में आने के लिए कहा। नाराज छात्राओं ने हिजाब पहनकर ही कॉलेज में प्रवेश करने की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान विरोध बढ़ता देख कॉलेज प्रबंधन ने मुख्य भवन का गेट बंद कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे छात्रों के परिजन और ग्रामीणों ने हिजाब में ही छात्राओं को प्रवेश देने की मांग की। कॉलेज प्रबंधन नहीं माना।

कॉलेज पहुंची छात्राओं ने कहा कि भारत के संविधान में सभी वेशभूषा को मान्यता दी गई है। ऐसे में हमारे धर्म के लिबास को पहनने से किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए, लेकिन कुछ सांप्रदायिक लोग बेवजह हमें परेशान कर रहे हैं। जो सरासर गलत है। वहीं, इस पूरे मामले पर कॉलेज प्रबंधन ने चुप्पी साध ली है। वहीं, विवाद बढ़ने के कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत करवाया। चाकसू पुलिस थाने के उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि बुर्का पहनने को लेकर पूरा विवाद हुआ था लेकिन अब मामला पूरी तरह शांत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *