Headlines

राजसमंद-नागौर समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश में गिरे ओले, कुम्भलगढ़ में 15 मिनट में बिछी बर्फ

बारिश

जयपुर : प्रदेश में मंगलवार शाम राजसमंद, उदयपुर, नागौर समेत कई जिलों में बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। पूरे इलाके में ओले की चादर बिछ गई। अब सर्दी एक बार फिर बढ़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में आए इस बदलाव का असर अजमेर, पाली, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, टोंक समेत अन्य जिलों में देखने को मिला। इन जिलाें में मंगलवार दोपहर आद घने बादल छाए और कई जगह बारिश हुई। राजसमंद के कुम्भलगढ़ में करीब 15 मिनट तक ओले गिरे।

अजमेर, राजसमंद, उदयपुर, पाली समेत कई जगह रबी की तैयार फसलों को काफी नुकसान होने की आशंका है। खेतों में सरसों की फसल कटकर पड़ी है तो गेहूं की फसल पककर तैयार है।

कल भी यहां हो सकती है बारिश

मौसम विभाग की मानें तो बारिश और ओलावृष्टि का ये दौर बुधवार को भी राजस्थान के कई शहरों में देखने को मिल सकता है। अजमेर, अलवर, जयपुर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद और उदयपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने की आशंका जताई है।

15 डिग्री से नीचे जा सकता है रात का तापमान

इससे पहले हनुमानगढ़ जिले को छोड़कर सभी शहरों में दिन का पारा 30 डिग्री से ऊपर रहा। जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, डूंगरपुर, फलौदी में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जयपुर में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग की मानें तो बारिश-ओले गिरने से अब तापमान में गिरावट होगी और रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *