Headlines

Governor: आम जन के खोए हुए विश्वास को लौटाएं जनप्रतिनिधि

KALRAJ MISHRA
  • राज्यपाल कोरोना की तीसरी लहर को लेकर चिंतित, सरकार से बचाव की तैयारी को कहा
  • कोरोना को लेकर सर्वदलीय बैठक

जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा है कि विशेषज्ञ कोरोना महामारी की तीसरी लहर भी आने की आशंका जता रहे हैं, इसकी रोकथाम और इससे बचाव के लिए उन्होंने अभी से तैयारी करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कम से कम 50 ऑक्सीजन युक्त बेड की व्यवस्था करने का सुझाव दिया है।

राजनीतिक दलों को टास्क फोर्स बनाने का सुझाव

उन्होंने हर विधासनभा क्षेत्र में एक ऑक्सीजन प्लांट लगवाने का भी सुझाव दिया।मिश्र बुधवार को ऑनलाईन आयोजित सर्वदलीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की वर्तमान लहर पर नियंत्रण के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग और सूक्ष्म पर्यवेक्षण की जरूरत है। उन्होंने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को प्रत्येक जिले में अपने-अपने कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टास्क फोर्स बनाने का सुझाव भी दिया, ताकि ये दल स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन को महामारी नियंत्रण तथा राहत कार्यों में आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकें।

 

आइसोलेशन की सुविधा उपलब्ध हो

मिश्र ने कहा कि कोरोना संक्रमण ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक रूप से फैल रहा है। बड़ी संख्या में ऎसे लोग भी संक्रमित हो रहे हैं जिनके घर पर होम आइसोलेशन के लिए अलग कमरे की व्यवस्था नहीं है, ऎसे व्यक्तियों के लिए सामुदायिक केन्द्रों पर आइसोलेशन की सुविधा उपलब्ध करवाई जानी चाहिए ताकि परिवार के अन्य सदस्यों तक संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

प्रबंधन में सभी करें  हर संभव सहयोग

राज्यपाल मिश्र ने कहा कि सभी राजनैतिक दल जन हित को सर्वोपरी रखते हुए कोविड बचाव एवं राहत के कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह समय परस्पर समन्वय से जन हानि को रोककर संक्रमण की चेन को समाप्त करने में सहयोग करने का है। उन्होंने कहा कि कोविड से बचाव के लिए आवश्यक उपकरण, ऑक्सीजन और बैड हर जरूरतमंद को उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाए। उन्होंने इसके प्रबंधन में सभी को हर संभव सहयोग करने का भी आह्वान किया है।

सकारात्मक वातावरण बनाए

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जन प्रतिनिधियों का एक बड़ा काम लोगों में विश्वास कायम करने का भी है। उन्होंने कहा कि आपदा के इस समय में आम जन के खोए हुए विश्वास को लौटाएं। छोटे-छोटे हितों से ऊपर उठकर कोविड जागरूकता के लिए वृहद स्तर पर कार्य करते हुए सकारात्मक वातावरण बनाया जाए।

वेक्सीनेशन भी बेहद आवश्यक

राज्यपाल ने कहा कि कोरोना के इस दौर में बचाव उपायों के साथ निर्धारित आयु पात्रता के अंतर्गत सभी का वेक्सीनेशन भी बेहद आवश्यक है। इसके लिए सभी एक दूसरे को प्रेरित करें। हमारी प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि जीवन और आजीविका दोनों ही बचे। सामूहिक भागीदारी, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से ही यह संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्तर पर मांग के मद्देनजर दुनिया भर की नई वैक्सीन को भारत में लाने के प्रयास किए जा रहे है। टीकाकरण अभियान को इससे बढावा मिलेगा। उन्होंने टीकाकरण अभियान पर विशेष ध्यान देते इसे सफल बनाने में सभी के सहयोग की भी जरूरत बतायी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *