जयपुर : देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती 19 नवंबर पर राजस्थान सरकार उड़ान योजना शुरू करने जा रही है। इस दिन से राज्य की महिलाओं को फ्री सैनेटरी पैड बांटे जाएंगे। स्कूल, कॉलेज, आंगनबाड़ी के माध्यम से इसका वितरण होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिलाओं की बेहतर सेहत और पर्सनल हाईजीन के लिए उन्हें जागरूक करने और बीमारियों से बचाव के लिए यह स्कीम चलाने का फैसला लिया है। यह योजना राज्य बजट 2021-22 में घोषित की गई थी।
विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा
उड़ान योजना के लिए 200 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। छात्राओं और किशोरियों के साथ ही राज्य की महिलाओं को भी दायरे में लाया गया है। अलग-अलग चरणों में पैड मुहैया कराया जाएगा। साथ ही, महिलाओं के सेल्फ हेल्प ग्रुप्स, सामाजिक और सरकारी संस्थाओं के ज़रिए महिला स्वास्थ्य के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
महिला अधिकारिता विभाग होगा नोडल डिपार्टमेंट
उड़ान योजना का नोडल विभाग महिला अधिकारिता विभाग होगा। इसका इम्प्लीमेंटेशन चिकित्सा-स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा-कॉलेज शिक्षा विभाग, तकनीकी-उच्च शिक्षा विभाग, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभागों के साथ मिलकर किया जाएगा। राज्य स्तर पर 2, जिला स्तर पर 1-1 ब्रांड एम्बेसेडर बनाए जाएंगे। योजना से जुड़े एनजीओ और ब्रांड एम्बेसेडर को अच्छा काम करने पर पुरस्कार भी दिया जाएगा।
शिकायत के लिए 181 हेल्पलाइन नंबर
राजस्थान स्वास्थ्य सेवाएं कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी आरएमएससीएल की ओर से स्वयं सहायता समूहों के ज़रिए तैयार नैपकिन की ‘मुख्यमंत्री निःशुल्क योजना’ में खरीद की जाएगी। आरएमएससीएल सभी वितरण केंद्रों पर सैनेटरी नैपकिन का जरूरी स्टॉक मुहैया करवाएगा। नैपकिन के लिए शिकायत हेल्पलाइन नंबर 181 पर की जा सकेगी।
