जयपुर : वाइल्ड लाइफ प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। शहर के झालाना लेपर्ड में मिसेज खान के नाम से पहचान रखने वाली एक मादा लेपर्ड तीन शावकों के साथ घूमते हुए नजर आई है। मादा लेपर्ड और तीनों शावक पिछले दिनों झालाना के अभयारण्य क्षेत्र में अंधेरे में कुंड के पास पानी पीते हुए कैमरे में ट्रेप हुए। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह तस्वीरें वायरल होने पर वन्यजीव प्रेमियों के चेहरे खिल उठे।
झालाना लेपर्ड के जोन-1 में दिखी लेपर्ड मिसेज खान
जानकारी के मुताबिक, झालाना लेपर्ड के जोन-1 के खान एरिया में मादा लेपर्ड मिसेज खान को तीनों शावकों के साथ वन विभाग के कर्मचारियों ने देखा। जयपुर के रेंजर जनेश्वर चौधरी ने बताया कि झालाना में अब लेपर्ड की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। झालाना वन क्षेत्र में लेपर्ड्स को अनुकूल वातावरण मिल रहा है। पिछले महीने भी मादा लेपर्ड को तीन शावकों के साथ विचरण करते देखा गया था।
सुरक्षा निगरानी भी बढ़ाई गई
रेंजर चौधरी के मुताबिक, डेढ़ साल में झालाना लेपर्ड में 15 शावक जन्मे हैं। इनमें मादा लेपर्ड मिसेज खान 13 शावकों को जन्म दे चुकी है। यह उसका 7वां प्रसव बताया जा रहा है। झालाना लेपर्ड में कुनबा बढ़ने के साथ ही सुरक्षा निगरानी भी बढ़ा दी गई है। वहीं, वन मंत्री सुखराम विश्नोई ने वन अधिकारियों को लेपर्ड की वंशवृद्धि पर बधाई दी है।
