Headlines

डॉ. किरोड़ी का सफाईकर्मियों की मांगों को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर छापा मार झाड़ू प्रदर्शन

डॉ. किरोड़ी

जयपुर : अपने छापा मार प्रदर्शनों के लिए मशहूर भाजपा से राज्य सभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने आज नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर डाला और टोंक रोड को जाम कर दिया। सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सफाईकर्मियों के साथ जयपुर ग्रेटर नगर निगम पर झाड़ू प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन से काफी देर तक टोंक रोड का यातायात बाधित हो गया।

इस प्रदर्शन का पता चलने पर डीएलबी डायरेक्टर दीपक नंदी को निगम मुख्यालय पहुंचना पड़ा और प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर एक माह में मांगे पूरी करने का आश्वासन देना पड़ा तब कही जाकर टोंक रोड का यातायात बहाल हो सका। डॉ. किरोड़ी का यह एक पखवाड़े में ही तीसरा प्रदर्शन है, उन्होंने आदिवासी अनाथ बच्चो को लेकर एक दिन मुख्यमंत्री निवास तथा बुधवार को मेरियट होटल में अजय माकन को ज्ञापन देने के लिए इसी छापा मार शैली से प्रदर्शन किया था।

untitled 3 1625821828

फिक्सेशन करने, बकाया एरियर देने और चुनाव करवाने की थी मांग

इस प्रदर्शन के पीछे का मुख्य कारण सफाई कर्मचारियों की यूनियन का चुनाव करवाना था। इसके अलावा साल 2018 में भर्ती हुए कर्मचारियों में से शेष रहे करीब 300 कर्मचारियों का फिक्सेशन करना और कर्मचारियों का बकाये एरियर का भुगतान की भी मांग की गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले पूरे घटनाक्रम के बाद सांसद और उनके साथ 11 जनों का प्रतिनिधि मंडल डीएलबी निदेशक दीपक नंदी से मिला। निदेशक ने एक माह में फिक्सेशन करने, बकाया एरियर देने और चुनाव करवाने के मामले में कोई न कोई समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

हाथों में झाडू लेकर पहुंचे धरना देने लोग

नगर निगम मुख्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन में नगर निगम ग्रेटर और हैरिटेज में काम करने सफाई कर्मचारी शामिल हुए। लगभग 200 से ज्यादा लोग हाथो में झाडू लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों ने नगर निगम प्रशासन और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों में पुरूषों के साथ-साथ महिला कर्मचारी भी थी, जिन्होंने धरना दिया।

2 1625822390
छावनी में तब्दील हुआ निगम मुख्यालय

प्रदर्शन की सूचना मिलने से पहले ही नगर निगम मुख्यालय को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया। टोंक रोड और जयपुर अस्पताल के पास बने दोनों मैन गेट को बंद करके वहां पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की टुकड़ी तैनात कर दी। महिला पुलिस कर्मचािरयों की एक-एक यूनिट को लाइन से खड़ा करके पूरे गेट को कवर कर दिया। इस दौरान जो नगर निगम के अंदर था वह अंदर रहे गया और जो बाहर निगम मुख्यालय के अंदर जाना चाह रहा था उसे वापस लौटा दिया गया।

टोंक रोड पर जाम, लोग परेशान

प्रदर्शन के शुरू होने से पहले सांसद मीणा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए रोड जाम नहीं करने और शांतिपूर्वक मार्च निकालने की अपील की, लेकिन अपने वक्तव्य के कुछ देर बाद ही सांसद प्रदर्शनकारियों संग रैली निकालते हुए टोंक रोड पर पहुंचे तो धरने पर बैठ गए। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि सरकार को हर हाल में चुनाव करवाने पड़ेंगे, ये कर्मचारियों का हक है। टोंक रोड जाम होते ही प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और नगर निगम मुख्यालय से एडिशनल कमिश्नर बृजेश चांदोलिया खुद धरना स्थल पर आए और सांसद से समझाइश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *