Headlines

ट्री मैन ऑफ इंडिया “विष्णु लांबा” पर जानलेवा हमला

जयपुर: ट्री मैन ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर विष्णु लांबा पर गांव के कुछ दबंगों ने हथियार से हमला किया। राजस्थान के टोंक जिले के लांबा गांव में यह घटना हुई, जिसके बाद वे टोंक जिले के सआदत अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर हैं। लांबा पेड़ों की कटाई के खिलाफ आवाज उठाने गए थे। मामले की एफआईआर होने के बावजूद भी पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग उनकी खबर नहीं ले रहा है। हमले में उनके सिर पर चोट आई है और अभी तक उनका सीटी स्कैन तक नहीं हो पाया है। उनका बचाव करने आए लोगों पर भी दबंगों ने हमला किया। वार इतना खतरनाक था कि उनका एक साथी फिलहाल जयपुर के अस्पताल में कोमा में है।

सरकारी जमीन पर काटे गए पेड़

विष्णु लांबा ने बताया कि ताऊजी का निधन होने पर वे गांव आए थे और सरकार के घर-घर औषधि अभियान में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे और इसी दौरान उन्हें गांव में पेड़ों की कटाई की सूचना मिली। गांव में नदी किनारे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया जा रहा था। जिसके लिए वहां लगे पेड़ों को काट दिया गया।

पीछे से हुआ वार

जब लांबा वहां पहुंचे तो उनपर चौराहे पर पीछे से हथियार से वार कर दिया गया। गुरुवार को शाम 4 बजे के करीब यह हमला हुआ जिसके बाद तत्काल एफआईआर लिखवाई गई, जिसमें पुलिस ने कोई सहयोग नहीं किया। अभी तक पुलिस द्वारा लांबा का मेडिकल भी नहीं किया गया है। उन्हें सिर, हाथ और पीठ पर चोटें आई हैं और उनका खूब खून बह चुका है।

विष्णु लांबा

पहले भी हो चुका है हमला

यह कोई पहला मौका नहीं है जब विष्णु लांबा पर हमला किया गया हो। इससे पहले जब बनास अवैध खनन के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई थी तब भी उनपर हमला हुआ था जिसमें उन्हें खूब चोट आई थी।

कौन हैं विष्णु लांबा?

विष्णु लांबा एक पर्यावरण प्रेमी हैं जिन्होंने 33 वर्ष की उम्र में से 27 वर्ष प्रकृति के सेवा में बीता दिए। बचपन में ही इस काम के लिए उन्होंने अपना घर छोड़ दिया था। उनके पर्यावरण के क्षेत्र में किए गए कामों को देखते हुए पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उन्हें ‘ट्री मैन ऑफ इंडिया’ कहकर संबोधित किया था। उनकी संस्था कल्पतरू द्वारा अबतक 50 लाख वृक्षों की सौगात दी जा चुकी है। महाराष्ट्र की फड़नवीस सरकार के वन मंत्री ने उन्हें ग्रीन आर्मी का एंबेसेडर नियुक्त किया था।

न्याय के लिए हो रहे ट्वीट

विष्णु लांबा को न्याय मिले इसलिए ट्विटर पर कई लोगों ने ट्वीट किया है जिसमें जयपुर बीजेपी सांसद रामचंद्र बोहरा के ट्वीट भी शामिल हैं और कई सारे पर्यावरण प्रेमी उनको न्याय दिलाने के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलेट को टैग करके ट्वीट कर चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *