दौसा: कोरोनाकाल के तीन साल बाद मेहंदीपुर बालाजी का लक्खी मेला आज से शुरू हो रहा है। 5 दिन तक चलने वाले इस मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेले को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
इस मंदिर को लेकर लोगों में अलग ही आस्था है। बताया जाता है कि यहां एक बार मनोकामना पूरी होने के बाद श्रद्धालु इस लक्खी मेले में पैदल पहुंचते हैं। श्रद्धालु जहां से भी आ रहा है, वह अपने शहर से पैदल जत्थे के साथ रवाना होता है। करीब 500 किलोमीटर दूर तक श्रद्धालु पैदल यात्रा कर यहां धोक देने आते हैं। जत्थे पहुंचने शुरू भी हो गए हैं। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, एमपी और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों और शहर से भक्तजन अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद यहां पहुंचते हैं। कई श्रद्धालु दंडवत मंदिर तक पहुंचते है। इस जत्थे में शामिल होने वाले लोग केसरिया निशान बालाजी को चढ़ाते हैं। इसके बाद होलिका दहन कार्यक्रम में हिस्सा लेते हें।
मंदिर ट्रस्ट ने पूरी की तैयारियां
होली मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से तैयारियां कर ली गई हैं। 500 मीटर एरिया में रस्सी बांधकर अस्थाई रेलिंग बनाई गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस के जवानों को भी तैनात किया गया है।
