जयपुर: अरब सागर में उठ रहा चक्रवाती तूफान ताऊते(Cyclone Tauktae) गुजरात से निकलकर राजस्थान की तरफ बढ़ रहा है। इसके असर से पूरे राज्य में बादल छाए हुए हैं। यह देर रात तक राजस्थान पहुंचेगा। तूफान के कारण 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मौसम विभाग ने इस सिस्टम के कारण उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। राजधानी जयपुर में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है।
यही स्थिति अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, अलवर में बनी हुई है। इन जिलों में कई जगह हल्की बूंदाबांदी हो रही है। इससे पहले सोमवार देर रात उदयपुर, पाली, डूंगरपुर, बांसवाड़ा में कई जगह तेज हवा के साथ बारिश हुई। बदले मौसम के कारण दिन और रात के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।
भारी बारिश की चेतावनी
उदयपुर-जोधपुर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने जगह-जगह राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें तैनात कर दी हैं। डूंगरपुर-बांसवाड़ा में लोगों से घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है। बिजली गुल होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सभी अस्पतालों में जेनरेटर और ऑक्सीजन का बैकअप तैयार किया है।
गृहमंत्री ने CM गहलोत से बात की
प्रशासन ने बिजली गुल होने की आशंका को देखते हुए सभी अस्पतालों में जेनरेटर और ऑक्सीजन का बैकअप तैयार किया है। उधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तूफान को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात की है। उन्होंने राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी लेने के साथ केंद्र से हर तरह की मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति के लिए NDRF की टीमें भी तैयार हैं।
बुधवार तक रहेगा चक्रवात का असर
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि चक्रवात का मंगलवार को सबसे ज्यादा असर उदयपुर के अलावा जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में देखने को मिलेगा। उदयपुर संभाग के डूंगरपुर, बांसवाड़ा क्षेत्र में ज्यादा बारिश होने की आशंका है। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, पाली, सिरोही, जालौर में भी भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा जयपुर, अजमेर, कोटा और भरतपुर संभाग के भी कई जिलों में बुधवार दोपहर और देर शाम तेज बारिश का अनुमान है।
