जयपुर: राजधानी जयपुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय (CMHO) में सोमवार को प्रदेश में चल रहे सख्त लॉकडाउन की गाइडलाइन मजाक बनकर रह गई। चिकित्सा विभाग ने जयपुर संभाग के लिए चयनित हुए करीब ढाई हजार कम्युनिटी स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) को अलॉटमेंट लिस्ट के लिए दस्तावेज वेरिफिकेशन के लिए प्रदेश के दूर दराज के हिस्सों से आदर्श नगर में सेठी कॉलोनी स्थित सीएमएचओ (CMHO) ऑफिस पहुंचे।

ऑफिस में भारी भीड़ के बाद जिनका सोमवार को अलॉटमेंट लिस्ट में नाम नहीं आया, उन्हें घर जाने के लिए कहा गया। जिसके बाद अभ्यर्थियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद बढ़ते हंगामे को देख पुलिस ने अभ्यर्थियों के साथ समझाइश की और मंगलवार 1 बजे तक अलॉटमेंट लिस्ट जारी करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि 12 मई को भी राजधानी जयपुर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में इस तरह के हालात बने थे। जब चिकित्सा विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए बिना जयपुर संभाग के लिए चयनित हुए करीब ढाई हजार कम्युनिटी स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) को ज्वाइनिंग के लिए बुला लिया था।
