जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि पूरे देश में केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण मॅंहगाई बेलगाम हो गई है तथा पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित सभी आवश्यक वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है जिसके खिलाफ दिनांक 11 जून, 2021 को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में कोरोना गाईडलाइन्स की पालना करते हुए पेट्रोल पम्पों के सामने विरोध प्रदर्शन किये जायेंगे।
इन विरोध प्रदर्शनों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, विधायकगण, सांसदगण, विधायक प्रत्याशीगण, सांसद प्रत्याशीगण, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यगण, सभी जप्रतिनिधिगण, प्रमुख कांग्रेसजन, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के निवर्तमान पदाधिकारीगण भाग लेंगे।
डोटासरा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश में डॉ. मनमोहन सिंह जी की सरकार का शासन था उस वक्त अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 108 डॉलर प्रति बैरल थे तथा देश में पेट्रोल के दाम 71 रूपये प्रति लीटर व डीजल के दाम 57 रूपये प्रति लीटर थे, किन्तु आज जून माह में अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 61 डॉलर प्रति बैरल होने के बावजूद भी पेट्रोल के दाम 102.82 रूपये प्रति लीटर है तथा डीजल के दाम 95.96 रूपये प्रति लीटर हो गये हैं। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय डीजल पर वेट 3.56 रूपये था जो अब 32 रूपये हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के 7 वर्ष के शासन के दौरान पेट्रोल व डीजल पर 12 बार एक्साईज ड्यूटी बढ़ाई गई और केवल दो बार घटाई गई है।
उन्होंने कहा कि जो घरेलू गैस सिलेण्डर 410 रूपये का 1 मार्च, 2014 को मिलता था, आज 800 रूपये से अधिक उसके लिये आम जनता को चुकाना पड़ रहा है।
डोटासरा ने कहा कि आज देश में प्रत्येक वस्तु मंहगी होकर आम आदम की पहुंच से दूर हो रहा है, इसलिए बढ़ती हुई मंहगाई के विरूद्ध पूरे देश में कोरोना गाईडलाइन्स की पालना करते हुए पेट्रोल पम्पों के सामने केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने लिया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में निवर्तमान जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षगण वर्चुअल अथवा अन्य तरीके से कार्यकर्ताओं से सम्पर्क कर प्रदर्शन की रूपरेखा एवं स्थान तय करेंगे।
