जयपुर। राजस्थान की राजधानी समेत अलवर और झुंझुनूं में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार दोपहर को मौसम (Climate) का मिजाज बदल गया। जयपुर में मामूली बारिश तो अलवर और झुंझुनूं में तेज बारिश का दौर चला। शेष राजस्थान में दिन भर धूप छाई रही।
बदले मौसम (Climate) के बीच राजधानी में मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इससे तीन दिन तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार गर्मी का भी असर कम रहेगा।
झुंझुनूं व अलवर में तेज बारिश
अलवर और झुंझुनूं में दोपहर तक तेज धूप से गर्मी बनी हुई थी, लेकिन दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इसके कारण दोनों जिलों के अधिकतर इलाकों में पानी भी भर गया। अब बारिश होने से आमजन को गर्मी से काफी राहत मिली है।
11 से 13 मई तक रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ से 11 मई को बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर व अजमेर संभाग में कहीं-कहीं पर आंधी और ओलावृष्टि होगी। 12 मई को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग में तेज अंधड़ व बारिश, 13 मई को बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग में भी बादल गरजेंगे व आंधी चलेगी।
