Headlines

कोटपूतली फ्लाईओवर से 20 फीट नीचे गिरा केमिकल से भरा कंटेनर, सर्विस लेन से हटाते वक्त धधकी आग

कंटेनर

जयपुर : जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर कोटपूतली में मंगलवार सुबह फ्लाई ओवर से गुजर रहा एक कंटेनर बेकाबू होकर नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची जेसीबी व क्रेन की सहायता से पुलिस सर्विस लेन से कंटेनर को हटा रही थी तभी घर्षण की वजह से केमिकल में रिसाव हो गया और कंटेनर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कंटेनर पूरी तरह से आग की तेज लपटों से घिर गया और धू धू कर जलने लगा। लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं। इससे सैंकड़ों की संख्या में लोग इकट्‌ठा हो गए। मोबाइल से वीडियो बनाने लग गए।

इस बीच केमिकल ड्रमों में धमाकों की आवाज आने से भीड़ में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी भीड़ को खदेड़ा। इससे वहां भगदड़ सी मचती रही। जानकारी के अनुसार आग बुझाने के लिए दमकल कम पड़ गई। शुरुआत में कोटपूतली में एक दमकल की मदद से फोम डालकर आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद शाहपुरा, चंदवाजी व अन्य जगहों से दमकलों को भेजा गया। करीब एक से डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया गया। इससे जयपुर दिल्ली हाईवे पर एक तरफा यातायात जाम रहा। पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।

दिल्ली की तरफ जा रहा था कंटेनर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार केमिकल से भरा यह कंटेनर कोटपूतली से दिल्ली की तरफ जा रहा था। तभी फ्लाई ओवर पर चढ़ते वक्त बेकाबू होकर हाईवे पर बनी सर्विस लेन पर आ गिरा। इससे ड्राइवर के हल्की चोटें भी आई। गनीमत रही कि तब कोई वाहन और राहगीर गुजर नहीं रहा था। अन्यथा जान माल का भी नुकसान होता। हादसे की सूचना पर कोटपूतली पुलिस मौके पर पहुंची। कंटेनर को मजदूरों ने खाली करना शुरू किया। इसके बाद जेसीबी और क्रेन की मदद से कंटेनर को हटवाया जा रहा था। तभी अचानक भीषण आग लग गई। इससे कंटेनर हटा रही जेसीबी भी जलने लगी। इसके बाद चंद मिनटों में ही आग तेज हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *