जयपुर : सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग यूनीक आईडी के खिलाफ आज देशभर में सर्राफा व्यपारियों ने हड़ताल की है। राजधानी जयपुर में भी इस हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। जिसकी वजह से लगभग 50 हजार व्यापारी, 2 लाख कर्मचारी और 5 लाख कारीगर आज काम नहीं कर रहे है। सोने के आभूषणों पर हॉलमार्किंग यूनीक आईडी को लेकर बड़ी चौपड़ के जौहरी बाजार पर बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी विरोध में धरना दे रहे हैं।
दरअसल, केंद्र सरकार द्वारा आभूषण पर हॉल मार्किंग यूनिक आईडी का आदेश जारी किया गया था। जिसके तहत हर आभूषण का एक यूनिक आईडी नंबर दिया जाना था। लेकिन सरकार के इस फैसले को लेकर देशभर के व्यापारी विरोध पर उतर आए हैं। जिसका व्यापक असर राजस्थान में भी देखने को मिल रहा है। जयपुर समेत उदयपुर, जोधपुर, कोटा में सर्राफा व्यापारी आज कार्य बहिष्कार कर केंद्र सरकार के फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
यूनिक आईडी प्रक्रिया काफी जटिल, जिससे व्यापार पर पड़ रहा असर
जयपुर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि ज्वेलर्स ने केंद्र सरकार के हॉल मार्किंग के फैसले को स्वीकार कर लिया था। लेकिन हॉल मार्किंग के बाद लागू की गई यूनिक आईडी प्रक्रिया काफी जटिल है। जिसकी वजह से व्यापार पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। मित्तल ने बताया कि मंदी की मार झेल रहे व्यापार पर यूनिक आईडी प्रक्रिया का सीधा असर होगा जिससे पूरा व्यापार ठप होने की संभावना बढ़ जाएगी। ऐसे में अगर सरकार अपने इस फैसले को वापस नहीं लेगी तो देश भर के व्यापारी मजबूरन आंदोलन की राह पर आगे बढ़ेंगे।

