Headlines

विधानसभा बजट सत्र : निलम्बन के बावजूद चारों विधायक पहुंचे सदन, स्पीकर ने विपक्ष को लगाई फटकार

विधानसभा

जयपुर : विधानसभा में REET को लेकर बीजेपी विधायकों का हंगामा आज तीसरे दिन भी जारी है। 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी विधायकों ने REET की गड़बडियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने सदन शुरू होते ही REET का मामला उठाना चाहा, लेकिन स्पीकर सीपी जोशी ने इजाजत नहीं दी। स्पीकर के मना करने के बावजूद राठौड़ ने बोलना जारी रखा तो स्पीकर नाराज हो गए और फटकार लगाई। स्पीकर ने कहा कि मैं खड़ा हूं और आप बोल रहे हैं, मैं आपको नाम लेकर बोल रहा हूं, आप सीनियर विधायक होकर भी ऐसा कर रहे हैं। इसके बाद स्पीकर ने प्रश्नकाल शुरू करवा दिया।

भाजपा के 4 सस्पेंड विधायकों को सदन में लाने पर स्पीकर ने राजेंद्र राठौड़ से कहा- आप पार्लियामेंटेरियन हैं, कल 4 विधायकों को सस्पेंड किया था, उन्हें लेकर सदन में आ गए और हंगामा करवा रहे हो। मुझे संसदीय परंपराओं का ज्ञान दे रहे हो।

भारी हंगामे के बाद विधानसभा में तीन दिन से जारी गतिरोध टूटने के आसार बने। स्पीकर सीपी जोशी ने पहले तो तल्ख तेवर दिखाए लेकिन बाद में प्रश्नकाल खत्म होते ही उनके तेवर नरम हुए। स्पीकर ने नेता प्रतिपक्ष से गतिरोध तोड़ने की बात कही जिसके बाद विपक्ष भी नरम पड़ा। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने REET पर चर्चा कराने के अलावा चार विधायकों का निलंबन वापस लेने और कल की घटना मंत्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

कटारिया और राठौड़ ने कहा कि जब तक चारों का निलंबन रद्द नहीं होता और REET पर कोई फैसला नहीं होता तब तक वे सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले सकते। इस पर स्पीकर सीपी जोशी ने कहा कि पहले बैठकर चर्चा कर लेते हैं। स्पीकर ने 12 बजकर 26 मिनट पर एक घंटे के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। अब स्पीकर के चैंबर में चार विधायकों निलंबन वापसी और REET पर आगे सरकार के जवाब का समय तय होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *