जयपुर। APRO सहायक जनसंपर्क अधिकारी भर्ती परीक्षा में 7 पद TSP एरिया के शामिल कर संशोधित विज्ञप्ति जारी कर आवेदन की प्रक्रिया को रीओपन किया जाएगा ताकि अभ्यर्थी आवेदन कर सके। रीओपन होने से वे उन अभ्यर्थियों को भी मिलेगा जो किसी कारण आवेदन करने से वंचित रह गए थे।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा के अनुसार पहले हमें पदों का जो वर्गीकरण मिला था उसमें टीएसपी एरिया का एक भी पद नहीं था। अब नए वर्गीकरण के अनुसार टीएसपी एरिया के सात पद होंगे। शर्मा ने बताया कि जल्दी ही संशोधित विज्ञप्ति जारी कर 15 दिन के लिए आवेदन की प्रक्रिया को रीओपन किया जाएगा। इसलिए ये परीक्षा अब फरवरी माह में नहीं हो पाएगी। इस स्थिति को देखते हुए माना जा रहा है कि अप्रैल के अंत तक ही परीक्षा हो पाएगी।
टीएसपी एरिया के पदों को भर्ती में शामिल नहीं करने की चूक को सबसे पहले मुख्यमंत्री के सलाहकार और सिरोही से विधायक संयम लोढ़ा सरकार के संज्ञान में लाये थे। उनके साथ टिसपी एरिया से आने वाले मंत्री महेन्द्र जीत मालवीय व अर्जुन बामनिया ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिख टीएसपी के पदों को सृजित करने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री स्तर पर बात पहुंची तो जनसंपर्क विभाग में खलबली मची। तब विभाग की चूक पकड़ में आई। विभाग ने भर्ती के लिए पदों के वर्गीकरण की जानकारी अब जाकर नए सिरे से दी हैं। बोर्ड को उसके कारण ही नए सिरे से विज्ञप्ति जारी कर आवेदन मांगने पड़ रहे हैं।

