गहलोत का समर्थन करने पर अनिरुद्ध ने साधा पिता विश्वेंद्र पर निशाना

जयपुर : सचिन पायलट के कट्टर समर्थक रहे विश्वेंद्र सिंह के पाला बदलकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खेमे में जाने की चर्चाओं से सियासत गरमा गई। इसे विश्वेंद्र सिंह के बुधवार को गहलोत के पक्ष में दिए बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। इस संबंध में विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरुद्ध सिंह ने बिना नाम लिए अपने पिता पर निशाना साधा है। अनिरुद्ध सिंह ने देर रात ट्वीट किया कि ‘विश्वासघात’, आज यह नया शब्द सीखा।

अनिरुद्ध सिंह ने विश्वेंद्र सिंह का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा साफ तौर से उधर ही था। भरतपुर की सियासत पर इस पूरे घटनाक्रम का असर होना तय है।

गहलोत और पायलट दोनों के बीच सेतु का काम कर रहा हूं

विश्वेंद्र सिंह ने बुधवार को कहा था मैं अशोक गहलोत के साथ हूं, क्योंकि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री बनाया है। मैं सचिन पायलट के भी साथ हूंं। मैं गहलोत और पायलट दोनों के बीच सेतु का काम कर रहा हूं ताकि कांग्रेस बच सके। आज ही मैंने सचिन पायलट से बात की है, कल भी मैं उनसे मिलने जाउंगा। मैं दोनों से ही मिलता रहता हूं।

पिछले दिनों अनिरुद्ध ने खोला था पिता के खिलाफ मोर्चा

पिछले दिनों अनिरुद्ध सिंह ने पिता विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ ट्विटर पर मोर्चा खोल दिया था, उन पर प्रॉपर्टी बेचने, हिंसक बर्ताव करने, दोस्तों का कारोबार बर्बाद करने सहित कई आरोप लगाए थे।

अनिरुद्ध सिंह ने लिया सौम्या गुर्जर का पक्ष

अनिरुद्ध सिंह ने जयपुर ग्रेटर मेयर सौम्या गुर्जर को सस्पेंड करने पर भी सवाल उठाते हुए लिखा- मुझे लगता है वह गुर्जर है इसलिए उसे निशाना बनाया गया। दरअसल, विश्वेंद्र सिंह की पत्नी दिव्या सिंह गुर्जर है, यह फैक्टर उनकी राजनीतिक ताकत को बढ़ता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *