निरीक्षण ट्रेन की बोगी में लगी भीषण आग, कमिश्नर रेलवे सेफ्टी व DRM इसी ट्रेन से पहुंचे थे

ट्रेन

कोटा-बारां : बारां के छबड़ा क्षेत्र के मोतीपुरा रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण ट्रेन की खाली बोगी में आग लग गई। ट्रेन में कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (CRS) मनोज अरोड़ा व कोटा डीआरएम (DRM) पंकज शर्मा सहित 20 अधिकारी सवार थे। आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। अन्य बोगियों में सवार कर्मचारियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही बड़ा हादसा नहीं हुआ। दरअसल, करीब 3 बजकर 5 मिनट पर एक खाली बोगी से धुआं उठने लगा। हवा तेज होने के कारण देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगी। रेलवे कर्मचारियों ने समझदारी दिखाते हुए इंजन से बोगी को अलग किया। फिर आग बुझाने में जुट गए। आग बुझाने के लिए मोतीपुरा प्लांट से 3, छबड़ा नगर पालिका से 1 दमकल बुलाई गई। साथ ही एमपी के विजयपुर गेल प्लांट से भी 1 दमकल मंगवाई गई।

ट्रेन

जानकारी के अनुसार अधिकारियों का दल ट्रेन में सवार होकर कोटा मंडल के विभिन्न स्टेशन पर निरीक्षण के लिए निकला था। रुठियाई स्टेशन पर कमिश्नर रेलवे सेफ्टी मनोज अरोड़ा व डीआरएम पंकज शर्मा उतर गए। दोनों अधिकारी ट्रॉली में सवार होकर निरीक्षण के लिए निकल गए। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी व डीआरएम को मोतीपुरा स्टेशन से वापस इसी निरीक्षण ट्रेन में सवार होना था। बताया जा रहा है कि आग लगने से पहले ही कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (CRS) व कोटा डीआरएम (DRM) ट्रेन से उतर चुके थे।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (SDRM) अजय कुमार पाल ने बताया कि सुबह निरीक्षण ट्रेन कोटा से रवाना हुई थी। ट्रेन में कमिश्नर रेलवे सेफ्टी, डीआरएम समेत करीब 20 अधिकारी सवार थे। दोपहर में मोतीपुरा स्टेशन पर निरीक्षण के लिए रुके थे। ट्रेन पटरी पर खड़ी हुई थी। अचानक बोगी में आग लग गई। जिस बोगी में आग लगी वो खाली थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। जांच के बाद ही कारण सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *