अजमेर : पीसांगन उपखंड क्षेत्र की गोला ग्राम पंचायत के अमृतपुरा गांव में एक निर्माणधीन कुएं के ढहने से 2 युवकों की मौत हो गई। हादसे में कुएं के मालिक के भाई और एक मजदूर की मौत हो गई। दरअसल, कुएं को गहरा मरम्मत कार्य चल रहा था। लेकिन बिना सुरक्षा उपायों व उपकरणों के खुदाई हो रही थी। इस दौरान अचानक वह ढह गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाने व रेस्क्यू शुरू किया।
ग्रामीणों ने बताया कि अमृतपुरा निवासी प्रहलाद पुत्र हेमाराम चाड़ गुर्जर के कुएं की खुदाई व मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक 80 फीट कुआं भरभराकर ढ़ह गया। हादसे में कुएं मालिक का भाई लक्ष्मण गुर्जर व मसूदा उपखंड क्षेत्र के माधुगढ़ निवासी श्रमिक कालूराम पुत्र भैरू गुर्जर दब गए। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है ग्रामीण क्षेत्रों में नियमों की अनदेखी कर इस प्रकार के कार्य किए जाते है। प्रशासन की ओर से समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है।
हादसे की सूचना पर SDM समदरसिंह भाटी, सीओ अजमेर ग्रामीण राजेंद्र बुरड़क, थाना अधिकारी नरेंद्र सिंह राठौड़, प्रधान दिनेश नायक, सरपंच सुमन कंवर राठौड़, पटवारी प्रवीण कुमार, हमीदुर्रह्मान,VDO दीपक वर्मा सहित अन्य लोग पहुंचे।

