जयपुर : जिले के फागी कस्बे में रविवार रात किराणा कारोबारी सुरेंद्र पंसारी (जैन) के घर में लाखों रुपए की ज्वेलरी लूटकर भागने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। देर शाम को यह खुलासा किया गया। वारदात के बाद बदमाश अपनी एक बाइक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए थे। वहीं, गैंग में शामिल एक बदमाश को लोगों ने पकड़ा, लेकिन वह भी भाग निकला। इससे उसका हुलिया भी देख लिया। इन कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने पड़ताल शुरु की और मंगलवार को तीनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया।
जयपुर ग्रामीण जिले में एडिशनल एसपी (दूदू) डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सगीर अहमद (28) निवासी तालाब की पाल, मांजी रेनवाल जिला जयपुर, आरोपी असलम (19) निवासी दादाबाड़ी, मालपुरा जिला टोंक और तीसरा शाहरूख खान (25) जयपुर जिले में मांजी रेनवाल स्थित मुसलमानों के मोहल्ले का रहने वाला है।
कुरियर कंपनी कर्मचारी बनकर घर में घुसे
पुलिस के मुताबिक, लूट की वारदात फागी निवासी सुरेंद्र कुमार पंसारी के घर में हुई थी। उनकी कस्बे के बाजार में किराने की दुकान है। 12 दिसंबर की रात सुरेंद्र और उनका बेटा अपनी दुकान पर थे। करीब 9:30 बजे एक लुटेरा सुरेंद्र पंसारी के घर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया। तब सुरेंद्र पंसारी की पत्नी आरती ने दरवाजा खोला।
लुटेरे ने खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताते हुए एक लिफाफा देने के बहाने आरती को बातों में उलझा लिया। तभी दीवार की आड़ में छिपे दो और नकाबपोश लुटेरे वहां आ गए। वे तीनों आरती जैन को धकेलते हुए घर के अंदर घुस गए। दरवाजा बंद कर लिया। लुटेरों ने आरती, बहू दीपा पर रिवॉल्वर तान दी। फिर जेवर और रुपयों के बारे में पूछने लगे। उन्होंने तिजोरी व अलमारी की चाबी मांगी।
चाबी देने से इनकार किया
सास-बहू ने लुटेरों को चाबी देने से इनकार कर दिया तो लुटेरे ने दीपा की गोद में मौजूद 8 महीने के बेटे की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। दीपा की सास ने तुरंत चाबी बदमाशों को सौंप दी। घर में करीब 25 तोला के सोने के आभूषण, चांदी और गहने लूटकर बैग में भर कर लुटेरे भाग निकले। जिसकी कीमत करीब 20 लाख से ज्यादा थी। घटना के बाद आरती ने बाजार में मौजूद पति को फोन कर सूचना दी। फागी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना के बाद सोमवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं। थाने का घेराव किया।
