जयपुर: स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बीच ट्विटर वॉर में किसी तीसरे की भी एंट्री हो गई है। पूर्व और मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री के बीच ट्विटर पर जारी वार पलटवार के बीच पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के पुत्र ने दिवंगत दिगंबर सिंह के बेटे शैलेश सिंह ने पायलट का जिक्र कर बहस को नया मोड़ दे दिया है। बीजेपी भरतपुर जिलाध्यक्ष शैलेश सिंह ने अजमेर उपचुनाव में रघु शर्मा की जीत के पीछे सचिन पायलट को श्रेय देकर कटाक्ष किया है।
रघु शर्मा ने राजेंद्र राठौड़ के तंज का जवाब देते हुए अजमेर में आठों सीटों पर बीजेपी को हरवाने का जिक्र किया था। इस पर शैलेश सिंह ने जवाब देते हुए लिखा- आप अजमेर का चुनाव पायलट जी की वजह से जीते, फिर पलटी मारकर गहलोत जी के पास चले गए। आपके कार्यकाल में प्रदेश में हजारों निर्दोष कहीं ऑक्सीजन तो कहीं इंजेक्शन, दवाइयों की कमी की वजह से मर गए। इतना सब होने के बाद भी आप राजेंद्र राठौड़ जी जैसे जमीन से जुड़े व्यक्ति को नसीहत दे रहे हैं। रघु शर्मा ने अभी तक शैलेश सिंह के इस कमेंट का जवाब नहीं दिया है।
आप अजमेर का चुनाव पायलट जी की वजह से जीते,फिर पलटी मारकर गहलोत जी के पास चले गए।आपके कार्यकाल में प्रदेश में हजारों निर्दोष कहीं ऑक्सीजन तो कहीं इंजेक्शन,दवाईयों की कमी की वजह से मर गए। इतना सब होने के बाद भी आप @Rajendra4BJP जी जैसे जमीन से जुड़े व्यक्ति को नसीहत दे रहे हैं? https://t.co/lX8wpMincO
— Dr Shailesh Digamber Singh (@DRSHAILESHBJP) June 18, 2021
दोनों परिवारों में अच्छे संबंध
दिवंगत बीजेपी नेता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिगंबर सिंह और राजेंद्र राठौड़ के बीच गहरी दोस्ती थी। आज भी दोनों परिवारों में अच्छे संबंध हैं। राठौड़ के बेटे और शैलेश सिंह में भी अच्छी दोस्ती है, इसीलिए शैलेश सिंह इस ट्वीट वॉर में राजेंद्र राठौड़ के पक्ष में कूदे।
पायलट के प्रदेशाध्यक्ष रहते कांग्रेस की एकतरफा जीत
वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल के दौरान फरवरी 2018 में अजमेर, अलवर लोकसभा और मांडलगढ़ विधानसभा सीट के उपचुनावों में कांग्रेस की एकतरफा जीत हुई थी। इस एकतरफा जीत को कांग्रेस ने वसुंधरा सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी का प्रतीक बताया था। अजमेर उपचुनाव में पायलट ने दिन रात कैंपेन किया था और गांव-गांव जाकर रघु शर्मा के लिए वोट मांगे थे।
