भाजपा से निकाले रोहिताश का PM पर फिर हमला, कहा- थोपे हुए नेताओं के कारण पार्टी गर्त में गई

जयपुर। कभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को महान बताने वाले तो कभी गोधराकांड में तत्कालीन राज्यपाल नवलकिशोर शर्मा की ओर से क्लीनचिट देकर अभयदान देने की बात कहने वाले राजस्थान के पूर्व मंत्री एवं अभी हाल में भाजपा से निष्कासित रोहिताश शर्मा ने फिर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए एक नहीं अनेकों आरोपों से मोदी को सुशोभित कर डाला। रोहिताश ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा में मुख्यमंत्री थोप कर बनाए गए जिससे पार्टी गर्त में गई।

उन्होंने कहा कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने जहां भी राज्यों पर नेताओं को थोपा है, वहां से बीजेपी की सरकार चली गई है। इसलिए जनता के हित मे काम करने वाले स्थानीय नेताओं को कमान सौंपकर ही राज्यों में बीजेपी की सरकार बनाई जा सकती है।

MSP में सरकार को बदलाव करने की आवश्यकता

उन्होंने कहा कि सरकार को आगे आकर, झुक कर किसानों से बात करनी चाहिए और सड़कों पर बैठे किसानों का धरना समाप्त करवाना चाहिए। नए कृषि कानून पर सवाल उठाते हुए रोहिताश बोले- कृषि कानून में कई तरह की कमियां हैं। MSP में भी सरकार को कई बदलाव करने की आवश्यकता है। यह नीति बड़े कॉरपोरेट हाउसों के पक्ष में है। इसीलिए बड़े-बड़े हाउस की तरफ से हरियाणा और पंजाब में गोदाम बनाए गए हैं। सरकार को कोई भी नीति बनाने से पहले उससे जुड़े हुए लोगों से बात करनी चाहिए। जिस देश का अन्नदाता किसान खुशहाल होता है, वो देश तरक्की करता है।

पूनियां पर भी बरसे

पूर्व मंत्री रोहिताश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां पर भी बरसे और कहा कि उनको गलतफहमी हो गई है कि तीन साल प्रदेश अध्यक्ष बनने से सीएम बन जाऊंगा। उनका सपना पूरा नहीं होगा। बीजेपी से छह साल के लिए निष्कासित होने के बाद पहली बार अलवर पहुंचे रोहिताश शर्मा ने कहा कि मुझे साजिश करके पार्टी से निकाला गया है। उन्होंने कहा कि मैंने गोधरा कांड का उदाहरण दिया तो केंद्रीय नेतृत्व को भड़काकर और मेरी बात के वीडियो पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को अलग तरीके से दिखाए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ इतना बोलने के बाद भी रोहिताश ने कहा कि हमेशा बीजेपी में रहूंगा और वसुंधरा मंच के साथ मिलकर काम करूंगा। जनता के बीच जाऊंगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *