जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खेमे के निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को बाहरी नेता बताने वाले बयान पर बीजेपी ने भी गहलोत कैंप को निशाने पर लिया है। इस मुद्दे पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के देश से बाहर पैदा होने का मुद्दा उठाते हुए गहलोत पर सवाल उठाए हैं। उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट कर लिखा- आखिरकार CM अशोक गहलोतजी के नजदीकी रामकेश मीणाजी ने मुखियाजी के मन की बात कह ही डाली।

उनके कथन के हिसाब से सचिन पायलट बाहरी हैं, तो कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधीजी मूल रूप से इटली की हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंहजी का जन्म पाकिस्तान में हुआ। साथ ही कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेता राजस्थान से राज्यसभा सांसद के.सी. वेणुगोपाल जी मूल रूप से केरल के हैं। जब पायलटजी बाहरी है, तो कांग्रेस के ये प्रभावशाली नेता कौन हैं। इनके बारे में आप क्या कहेंगे। जरा अपना मंतव्य स्पष्ट करें।

बीजेपी को मिला निशाना साधने का मौका
सचिन पायलट को बाहरी बताने के बयान ने बीजेपी को राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस पर निशाना साधने का मौका दे दिया है। सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा बीजेपी पहले उठाती रही है लेकिन इस बयान ने पुराने विवाद को रिकॉल जरूर कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है पायलट को बाहरी बताना गहलोत कैंप के लिए सेल्फ गोल जैसा हो गया है। राजस्थान में राज्यसभा की 10 में से 3 सीटों पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं और 3 में से 2 अन्य राज्यों के हैं।
