जयपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसद में दिए बयान पर राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने पलटवार करते हुए केंद्र सरकार और बीजेपी-आरएसएस पर जुबानी हमला बोला। CM गहलोत ने कांग्रेस चिंतन शिविर के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज देश में अघोषित इमरजेंसी है। सरकार बनते ही आडवाणीजी ने खुद हिंट दिया था। उन पर आरएसएस का दबाव पड़ा, इसलिए उन्हें चुप होना पड़ा। इमरजेंसी क्यों और किन परिस्थितियों में लगी। उसके बाद हमारी सरकार चली गई, उसके बारे में सब जानते हैं, उसे अब गिनाने का क्या तुक है? CM गहलोत ने कहा कि आज देश में क्या हो रहा है, देश किस दिशा में जा रहा है… किसी को नहीं मालूम है। आज देश में हिंसा, अशांति, अविश्वास का माहौल है। ये आरोप तो हमारे हैं एनडीए गवर्नमेंट, बीजेपी और आरएसएस पर। मोदीजी उल्टा ये कह रहे हैं कि हम लोग भड़का रहे हैं? मजदूरों को भड़काने का काम हम लोग करेंगे?
लॉकडाउन-नोटबंदी केंद्र की गलती
CM गहलोत ने कहा कि गलतियां आप लोगों ने की हैं, जिसके कारण नौबत ये आई कि अचानक लॉकडाउन हुआ, अचानक नोटबंदी हुई। बैंकों के सामने लंबी लंबी लाइनें लगी। उन लाइनों में कितने लोग मारे गए, किसी को अंदाज है? क्या भारत सरकार ने नोटबंदी में कितने लोग मारे गए इसका सर्वे करवाया? मजदूरों को पैदल चलना पड़ा…कितने मजदूर रास्ते में मर गए कोई आंकड़ा है भारत सरकार के पास?
कांग्रेस को दुश्मन मानते हैं बीजेपी-आरएसएस वाले
CM ने कहा कि बीजेपी, आरएसएस से हमारी विचारधारा की लड़ाई है। हमारी किसी से निजी दुश्मनी नहीं है, लेकिन उन लोगों के दिमाग में यह बात नहीं है। आरएसएस, बीजेपी तो कांग्रेस को दुश्मन मानते हैं, कांग्रेस को नेस्तनाबूद कर दो, यह उनकी भावना है। मोदीजी कह रहे हम डंके की चोट पर 70 साल की कमियों को एक्सपोज करेंगे। आप कमियों को एक्सपोज करते फिरोगे या खुद का इतिहास बनाओगे ? कमियों को एक्सपोज करते-करते समय निकल जाएगा आपका, आप विकास की बात करो, बात समझ में आती है। आप, कमियां गिनाने में ही देश का समय बर्बाद कर दो, आप देश के प्रधानमंत्री हो।
