जयपुर। रिश्तेदारों के आरएएस(RAS) में चयन से लेकर कई मुद्दों पर विवादों में चल रहे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के पक्ष में पायलट गुट के विधायक खुलकर उतरे हैं। पायलट समर्थक विधायक मुकेश भाकर और रामनिवास गावड़िया ने अजय माकन से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में गोविंद सिंह डोटासरा का खुलकर बचाव किया। पायलट समर्थक विधायकों के डोटासरा के बचाव में उतरने को नए सियासी समीकरणों की आहट के तौर पर देखा जा रहा है।
लाडनूं से विधायक मुकेश भाकर ने कहा- शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा अच्छा काम कर रहे हैं। आरएसएस-बीजेपी के लोगो से उन्होंने मुकाबला किया है। जिस दिन डोटासरा को प्रदेशाध्यक्ष बनाया था उसी दिन हमने कहा था कि एक अच्छे कार्यकर्ता को मौका दिया है। भाजपा के लोग गोविंद सिंह डोटासरा पर RAS भर्ती को लेकर मनगढंत आरोप लगा रहे हैं।
गावड़िया बोले
डोटासरा ने शिक्षा का भगवाकरण रोका, इसलिए उन पर आरोप लग रहे हैं। आरएसएस के लोगों ने उनके खिलाफ गलत आरोप लगाकर प्रोपेगेंडा चलाया।
गोविंद सिंह डोटासरा पर लग रहे आरोपों पर अब तक किसी गहलोत समर्थक विधायक ने उनका बचाव नहीं किया। पहली बार पायलट समर्थक ही उनके बचाव में उतरे हैं। पायलट समर्थकों के डोटासरा के बचाव में उतरने को लेकर सियासी हलकों में सामान्य नहीं माना जा रहा। इसे पायलट समर्थकों और डोटासरा के बीच पनप रहे नए समीकरणों की तरफ इशारा माना जा रहा है।
Read More: पायलट समर्थक गावड़िया बोले- कार्यकर्ताओं को सत्ता में भागीदारी नहीं मिली तो और बढ़ेगा गतिरोध
पायलट समर्थक विधायकों की डोटासरा से घर पर मुलाकात
पायलट समर्थक विधायकों ने डोटासरा के घर पर उनसे मुलाकात की थी। इस मुलाकात की भी सियासी हलकों में चर्चाएं हैं। सचिन पायलट गुट के गोविंद सिंह डोटासरा के नजदीक आने के पीछे हाल की घटनाओं को कारण बताया जा रहा है। डोटासरा पर पिछले दिनों से जो भी आरोप लगे उनका किसी गहलोत समर्थक विधायक ने बचाव नहीं किया। पिछले काफी समय से डोटासरा राजनीतिक फ्रंट पर खुद को अकेला समझ रहे थे, ऐसे वक्त में डोटासरा को पायलट गुट का साथ मिल गया।
रायशुमारी का दौर समाप्त
दो दिन चला रायशुमारी का दौर शाम 6 बजे समाप्त हो गया। दो दिनों में 115 विधायकों से माकन ने फीडबैक लिया। माकन कल पीसीसी के पदाधिकारियों से फीडबैक लेंगे और उसके बाद वे इस रिपोर्ट को सोनिया गांधी को सौंपेंगे। उसके बाद ही मंत्रिमंडल आदि का निर्णय होगा।

