जयपुर। पूर्व मंत्री एवं दूदू से कांग्रेस विधायक बाबूलाल नागर ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों पर नाम लिए बिना जमकर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में गलत टिकट वितरण के कारण कांग्रेस सौ से भी कम सीटों पर सिमटकर रह गई। टिकटों का सही वितरण होता तो कांग्रेस की 150 सीटें आती। हर गलती कीमत मांगती है। हारे हुए और जमानत जब्त प्रत्याशियों को टिकट देने का पायलट को दोषी बताते हुए कहा कि उन्हें तो कांग्रेस आलाकमान से माफी मांगनी चाहिए।
नागर ने एक यूट्यूब चैनल को दिए एक साक्षात्कार में पायलट और उनक समर्थकों के खिलाफ जमकर भड़ांस निकाली और कहा कि वे तो अशोक गहलोत जादूगर है जो सौ से कम सीटे आने के बावजूद एक जाजम पर 123 लोगों को ला बैठाया।
गहलोत के सामने कोई मुकाबले में ही नहीं था
निर्दलीय विधायक यहीं नही रूके और इशारों ही इशारों में सचिन पायलट और उनके समर्थकों को कहा कि कांग्रेस में कोई मुख्यमंत्री थोपकर नहीं बनाया जाता। जिसके पक्ष में 80 से 90 प्रतिशत विधायकों की राय हो वो ही मुख्यमंत्री बनता है। एक -एक विधायक से राय शुमारी की जाती है।उसके बाद ही सीएम का चयन होता है।
नागर ने सचिन पायलट की मुख्यमंत्री की दावेदारी को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जहां कहीं कोई मुकाबला ही नहीं हो और जहां कोई टक्कर ही नही हो। गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए कि कोई केवल आलाकमान के निकट होने के कारण मुख्यमंत्री बन जाए। एकजुटता की राय से मुख्यमंत्री बनता है।
सरकार गिराने के आरोप भी जड़े
उन्होंने पायलट पर निशाना साधते हुए कहा कि आज किस तरह के लोग आ गए है जो कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराने का काम कर रहे हैं। किस तरह खरीद-फरोख्त का काम कर रहे हैं। अशोक गहलोत ही तो है जो 19 लोगों के जाने के बाद भी 102-103 लोगों को लेकर बैठे है और कह रहे है कि राजस्थान में सरकार को गिरने नहीं देंगे। ये गहलोत की जादूगरी का ही तो कमाल है। जब 19 लोगों को भी लग गया कि हम जो हथकंडा अपनाकर आए थे उसमें भी कामयाब नहीं हो पा रहे तो वापस आना पड़ा। नागर ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बड़ा दिल का नेता बताते हुए कहा कि गहलोत ने दोनों हाथ पसार कर कहा कि आओ परिवार के लोग हो। हम परिवार के लोग मिलकर सरकार चलाएंगे। आज इस देश और राजस्थान में अशोक गहलोत का कोई विकल्प नहीं हैं। गहलोत संवेदनशील नेता हैंं।
माफी मांगनी चाहिए, हर गलती सजा मांगती हैं
निर्दलीय विधायक बाबूलाल नागर ने कठिन मेहनत कर कांग्रेस का राज लाने के पायलट और उनके समर्थकों के दावें पर भी तंज कसते हुए कहा कि हकीकत में तो उन लोगों को कांग्रेस पार्टी व हाईकमान से माफी मांगनी चाहिए। जहां राजस्थान की जनता कांग्रेस को 150 सीट जीतवाना चाह रही थी, वहां कांग्रेस पार्टी सौ से नीचे अटक गई। कांग्रेस हाईकमान को भी देखना और सोचना चाहिए कि किस व्यक्ति को किसके कहने से टिकट दिया गया। हर गलती सजा मांगती हैं।
गहलोत की जादूगरी जो 123 को एक जाजम पर ला बैठाया
नागर ने कहा, मैँ हाईकमान को भी कहना चाहूंगा कि ऐसे कौनसे लोग है जो कांग्रेस की रीति नीति व कांग्रेस के बारे में नहीं जानते,त्याग और तपस्या नहीं की। जो कांग्रेस के प्रति समर्पित नहीं है और कांग्रेस के सिद्धांत के अनुसार काम नहीं करते हैँ। ऐसे लोगों को आपने हाथ का निशान पकड़ा दिया। सौ से नीचे हम आ गए। ये तो अशोक गहलोत जी की जादूगरी है कि 200 विधायकों में से 123-124 को एक दरी पर बैठा दिए।
हाईकमान को भी दे डाली सलाह
नागर ने 2018 के चुनावों में हुए टिकट वितरण की हाईकमान से समीक्षा करने की सलाह देेते हुए कहा कि ऐसे लोगो को चेताना चाहिए। ऐसो को डांट लगानी चाहिए। कार्यवाही करनी चाहिए कि आपने ऐसे आदमी का नाम प्रस्तावित किया था जिसका जनता में विश्वास नहीं था। जब आपके कहने से टिकट दिए हैं तो जबावदेही भी आपकी बनती हैं।
और यह भी दावा
निर्दलीय विधायक का ये दावा हैं कि ये सोच जिस दिन कांग्रेस में आ जाएगी उस दिन कांग्रेस का इस दुनियां में कोई विकल्प नहीं बचेगा। कांग्रेस को आने से कोई रोक नहीं सकता। नागर ने यह भी कहा कि गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार पूरे पांच साल चलेगी। नागर का ये यूट्यूब वीडियों वायरल हो रहा हैं उसमें उनसे मंत्रिमण्डल में शामिल होने के बारे में भी पूछा गया था,लेकिन उस सवाल को टाल गए।
