Headlines

माकन ने जल्द मंत्रिमंडल विस्तार, राजनैतिक नियुक्तियो के दिए संकेत

मंत्रिमंडल में पायलट खेमे को हिस्सा देने पर बात अटकी, अब सबकी नजर आलाकमान पर

जयपुर। झगड़े और गुटबाजी केवल कांग्रेस में ही थोड़े है। सभी दलों में होते है। यूपी में भाजपा में नहीं है क्या? हम सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहे है। मंत्रिमंडल का विस्तार, रणनीतिक नियुक्तियां और संगठन में जिला व ब्लॉक अध्यक्षो का मनोनयन सब होगा। आज शाम ही इन विषयों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चा करने जा रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री अजय माकन ने कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कोई भी काम समय आने पर होता है। आप दूसरे दलों से ये बात क्यों नहीं पूछते मोदी जी भी तो अब जाकर फेरबदल और विस्तार कर रहे हैं।

माकन ने हालांकि इस बात को स्वीकार किया कि मंत्रिमंडल, राजनीतिक नियुकियों व संगठन में मनोनयन में देरी हुई है। कोरोना मैनेजमेंट को लेकर माकन मुख्यमंत्री की बार-बार तारीफ भी करते नजर आए और बोले राजस्थान ने देश में उदाहरण पेश किया है। केंद्र वैक्सीन नहीं दे रही, जबकि राजस्थान ने एक दिन में साढ़े दस लाख टीके लगाने का रिकॉर्ड कायम किया है। कांग्रेस की कल से शुरू हो रहे हल्ला बोल आंदोलन व अन्य मुद्दों को लेकर माकन की उपस्थिति में हुई इस बैठक में पायलट समर्थक भी प्रायः पदाधिकारी मौजूद थे। कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री अजय माकन के जयपुर पहुंचने पर उनकी अगवानी करने गए नेताओं में विराटनगर से पायलट समर्थक विधायक इन्द्रराज गुर्जर भी नजर आए।

डोटासरा से की गुप्त मंत्रणा

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से निकल माकन रामबाग पैलेस होटल पहुंचे और वहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से अलग से मंत्रणा की। मुख्यमंत्री से मुलाकात से पूर्व माकन की डोटासरा से इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *