नेता प्रतिपक्ष कटारिया बोले- पंजाब के मुख्यमंत्री गए उसी तरह गहलोत का पद जाना भी तय है, दिल्ली और गहलोत के बीच टकराव जगजाहिर हुआ

कटारिया

जयपुर : भरतीय जनता पार्टी के विधायक और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भी पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर की तरह पद से हटाए जाने को लेकर दावा किया है। गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि मैं पहले से कह रहा हूं जिस दिन मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे उस दिन यह सरकार गिर जाएगी। अब तो अशोक गहलोत का भी मुख्यमंत्री पद से जाना तय है। दिल्ली वालों (कांग्रेस हाईकमान) और इनके बीच छत्तीस का आंकड़ा हो गया, यह जगजाहिर है। जैसे पंजाब के मुख्यमंत्री गए उसी तरह जाने की लाइन में गहलोत ​हैं।

कटारिया ने कहा कि गहलोत पद से जाने की तैयारी में हैं, इसके कारण उन्होंने अपने आपको 20 साल तक स्वस्थ रहने की बात पहली बार बोली है। अगला यूडीएच मंत्री कौन होगा, यह भाव भी उन्हें आया। इनमें हंड्रेड पर्सेंट टकराव बढेगा। गहलोत कभी भी जाएंगें। दिल्ली वास्तव में ताकतवर है, तो उनका मुख्यमंत्री जिस तरह का बर्ताव कर रहे हैं उसमें हटाया जाना तय है। दिल्ली वाले अब गहलोत को पसंद भी नहीं कर रहे और इनके संबंध खराब हो चुके हैं। ऐसे में अब गहलोत दिल्ली भी नहीं जा रहे।

कटारिया ने कहा कि आज तक मैंने गहलोत का ऐसा बयान नहीं सुना जिसमें उन्होंने 20 साल तक स्वस्थ्य रहने, अगला मुख्यमंत्री बनने जैसा बयान दिया हो। हम तो प्रभु से प्रार्थना करते हैं कि वे 20 साल क्यों 30 साल से भी ज्यादा समय तक स्वस्थ रहें। पर आपने इस बात को कहकर दिल्ली वालों को संदेश देना चाहा या विरोधियों को संदेश देने का प्रयास किया या विपक्ष के लोगों को, यह गूढ रहस्य छोड़ दिया है। खुद अगला सीएम और धारीवालजी को चौथी बार यूडीएच मंत्री बनाने की बात कही। आप तो ताउम्र का पट्टा ही दे दीजिए। दिल्ली वालों को अब गहलोत पर भरेासा नहीं रहा। इन्हें दिल्ली जाने में समस्या हो रही है। अंदर कोई न कोई घुटन है जिसे आप प्रकट कर रहे हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *