दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जयपुर में रहकर दस दिन तक ध्यान-साधना में लीन रहेंगे,लेकिन राजनैतिक गलियारों में भी चर्चा जोरों पर हैं कि पंजाब, गोवा,गुजरात और उत्तराखंड राज्यों की तर्ज पर राजस्थान में भी अपनी पार्टी आम आदमी की एंट्री करवा सकते हैं। पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने राजस्थान के निर्दलीय विधायक ओम प्रकाश हुडला से लंबी मुलाकात भी की थी। केजरीवाल के दिल्ली निवास पर हुई इस बातचीत में राजस्थान में आप पार्टी से उन्हें जोडऩे और पार्टी का जनाधार मजबूत करने पर चर्चा हुई। राजस्थान विधानसभा के चुनाव 2023 में होने हैं। इसके लिए आम आदमी पार्टी यहां अपनी सियासी पैठ बनाने में जुटी है। हालांकि केजरीवाल ने इस दौरे को विशुद्ध ध्यान-साधना के लिए रखा बताया।
केजरीवाल रविवार को जयपुर पहुंचे और सीधे गलता रोड पर विपश्यना साधना केंद्र चले गए। वे यहां रह स्वास्थ्य लाभ लेंगें। उनके निकटवर्ती सूत्रों के अनुसार जयपुर में केजरीवाल आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ कोई मीटिंग नहीं करेंगे। साथ ही, किसी राजनीतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा नहीं लेंगे। वो यहां विपश्यना साधना के अलग-अलग सेशन अटेंड करेंगे। इस केंद्र में रहने वालों के लिए मोबाइल, टीवी, अखबार, लैपटॉप जैसी सुविधाओं के इस्तेमाल तक पर रोक है। पहले केजरीवाल के 3 दिन विपश्यना केंद्र में रहने की सूचना आई थी, फिर बाद में बताया गया कि वे 10 दिन तक यहीं ठहरेंगे। आप के प्रदेश पदाधिकारियों को केजरीवाल के जयपुर आने की ऑफिशियल सूचना तक नहीं दी गई। विपश्यना साधना केंद्र राजस्थान के पुराने साधना केन्द्रों में शामिल है। यहां देशभर से लोग आते हैं।
दे सकते है यहां भी फ्री बिजली, पानी, शिक्षा का वादा
राजस्थान में भी आप पार्टी और केजरीवाल दमखम के साथ आए तो आप लोगों के लिए भी हर महीने 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने का वादा कर सकते हैं। बिजली के पुराने बिल माफ करने का भी वादा किया जा सकता है। किसानों पर भी आप पार्टी का फोकस है। राजस्थान की शहरी विधानसभा सीटों और आदिवासी क्षेत्रों पर ख़ास ज़ोर देने की पार्टी की योजना है। साथ ही, दिल्ली सीमा से लगते हुए राजस्थान के अलवर, भरतपुर, हरियाणा सीमा के पास झुंझुनूं, पंजाब सीमा के पास लगते श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ जिलों पर ख़ासा फोकस रह सकता है। फ्री बिजली, अच्छी साफ-सफाई, बढिय़ा सड़कें, जनता क्लिनिक, बच्चों को फ्री एजुकेशन, पीडीएस सिस्टम में क्वालिटी का राशन देने जैसी योजनाओं पर आप पार्टी दिल्ली में सरकार में बनी हुई हैं।
सीएम ने ट्वीट कर साधना के लिए राजस्थान चुनने के लिए किया वेलकम
इस बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर साधना के लिए राजस्थान चुनने के लिए केजरीवाल का स्वागत तथा स्वास्थ्य के लिए कुशलक्षेम पूछने पर आभार व्यक्त किया हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल का जयपुर आगमन पर स्वागत करता हूं। आपने मेरे स्वास्थ्य की जानकारी लेकर शुभेच्छाएं दीं इसके लिए आपका धन्यवाद। मुझे खुशी है कि आपने विपश्यना एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए राजस्थान को चुना। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) August 29, 2021
