भरतपुर। पायलट गुट के विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने भाजपा के बहाने फिर मोर्चा खोल दिया और कहा कि भाजपा को सबसे अधिक डर लगता है तो सचिन पायलट से लगता है। भाजपा डर के मारे पायलट के नाम का उपयोग करती हैँ। साथ ही कहा कि अगर अपनी बात रखना बगावत है तो हम बागी हैं। कांग्रेस आलाकमान को पता है सचिन पायलट ने खून पसीने से मेहनत की है तब जाकर कांग्रेस सत्ता में आई है। बकौल सोलंकी अशोक गहलोत का तो पता नहीं लेकिन आज पूरे देश की जनता में गांधी परिवार के बाद सचिन पायलट ही सबसे ज्यादा लोकप्रिय नेता हैं।
पायलट की आस्था हमेशा कांग्रेस में
भरतपुर यात्रा पर आए सोलंकी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा के तमाम नेताओं को जो डर लग रहा है वह सचिन पायलट जी से लग रहा है,क्योंकि पायलट वो नेता है जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तब पूरे के पूरे पांच सालोंं तक वसुंधरा राजे सरकार को परेशान करने का काम पायलट ने किया। भाजपा को घेरते हुए सोलंकी बोले, ये उनकी ओछी मानसिकता है। वो चाहते है कि पायलट को कैसे बदनाम करें। कैसे उन्हें नीचा दिखाने का काम करें। उनके ये मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। पायलट की आस्था हमेशा कांग्रेस में रही हैं। उन्होंने हमेशा कांग्रेस की बात की हैं। कांग्रेस आलाकमान के सामने अपनी बात रखना बगावत है तो कह दो हम भी बागी हैं। जब भी मौका मिलता है हम हमारी बात आलाकमान को कहते हैं और एक ही बात कहते है कि किस तरह आने वाले चुनाव में कांग्रेस फिर से राज बना सकती हैं। जिन कार्यकर्ताओं का खून-पसीना राज लाने में बहा हैं उनको महत्व मिले। राजस्थान के प्रभारी अजय माकन साब से चार बार मुलाकात हुई उसमें भी कांग्रेस को मजबूत बनाने की ही बात की हैं।
कांग्रेस आलाकमान के साथ है हम सब
मंत्रिमण्डल को लेकर जहां तक समय सीमा की बात है वह आलाकमान और मुख्यमंत्रीजी को तय करना हैं। वे ही तारीख तय करेंगे तो वे ही इस बारे मे बता सकते हैं। हम कांग्रेस के कार्यकर्ता किसी भी गुट के किसी नेता के साथ हो या नहीं है,लेकिन सभी कांग्रेसी सोनिया गांधी के नेतृत्व में और हाथ के पंजे के निशान के साथ एकजुट हैं। अब किसी की कोई नाराजगी नहीं। सबके गिले शिकवे दूर हो गए। सब हम एक हैं। कांग्रेस के साथ हैं ओर सबका राहुल गांधी व सोनिया गांधी में विश्वास हैं। बार-बार हम ये ही कह रहे हैँ कि एकजुट है। कांग्रेस आलाकमान जब भी फैसला करेगा उसके साथ हम सब है।
पायलट का फोबिया
सोलंकी ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुट्टी को उल्लेख करते हुए कहा कि कभी आप लोगों ने उनका नाम सुना है। सिर्फ सचिन पायलट की लोकप्रियता को भुनाने के लिए ऐसे धृणित काम किए जा रहे हैं ताकि पायलट के नाम से उनका नाम हाइलाइट हो। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कभी पायलट से उनकी बात हुई हैं। भाजपा को आज भी सबसे अधिक डर लग रहा है तो पायलट से लग रहा हैं। सचिन पायलट ऐसे नेता है जिन्होंने वसुंधरा राजे सरकार को पांच साल तक परेशान किया हैँ। भाजपा वाले उनकी लोकप्रियता से भय खाते हैँ। पायलट के नाम का उन्हें फोबिया हो गया है। पायलट केवल राजस्थान नहीं पूरे हिन्दुस्तान के नेता है जिनके चेहरे को देखने तथा उनकी आवाज सुनने के लिए लाखों की संख्या में लोग जुटते हैं। पायलट कांग्रेस के साथ है और रहेंगे।
भाजपा के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे
कुट्टी के नाम का फिर से उल्लेख करते हुए कहा कि जिस पार्टी में उनका व उनके पिता का खून-पसीना बहा है वे उसी पार्टी कांग्रेस के साथ ही रहेंगे। इसमें संदेह करने की कोई गुंजाइश नहीं हैं। स्वर्गीय राजेश पायलट को तो आज भी राजस्थान व हिन्दुस्तान की जनता याद करती है। जहां तक सचिन पायलट की लोकप्रियता का सवाल हैं गांधी परिवार के बाद पूरे हिन्दुस्तान में उनकी डिमाण्ड रहती हैं। भाजपा का काम तो केवल पायलट को बदनाम करने का है। उनके ये मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
