बानसूर (अलवर)। भाजपा से निष्कासित पूर्व मंत्री डॉ. रोहिताश शर्मा ने अपने जन्म दिन के बहाने एक बार फिर से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए लॉबिंग करने का ऐलान करते हुए सीएम पद के दावेदार को चुनौती दी कि वे एक साथ सामने आ जाए जिसके पक्ष में ज्यादा तालियां बजेेगी उसे सीएम पद का प्रत्याशी सर्वसम्मति से मानना पड़ेगा। सबसे अधिक तालिया वसुंधरा जी के पक्ष में ही बजेगी। उन्होंने दावा किया कि ऐसे ही पीएम नरेन्द्र मोदी को आडवाणीजी, सुषमाजी, राजनाथजी आदि कई नेताओं के रहते हुए संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष मोदी को हमने ही तालिया बजाकर पीएम उम्मीदवार बनाया था।
राजे से मंच से ही फोन पर बात की
डॉ. रोहिताश शर्मा ने रविवार को अपने पुराने विधानसभा क्षेत्र बानसूर में जन्मदिन के कार्यक्रम में बड़ी भीड़ जुटाई और उसमें ही भाजपा की ओर से वसुंधरा राजे के ही अगले सीएम उम्मीदवार की घोषणा की। उन्होंने मंच से ही पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से फोन पर बात कर ये बताने का कोशिश की कि राजे उनके साथ खड़ी हैं। वसुंधरा के जयकारे लगे। पूर्व मंत्री ने कहा कि कागजों में पार्टी से निकाला है। बहुत जल्दी सब ठीक हो जाएगा। आगे वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री रहेंगी। भैरोसिंह शेखावत के समय से कई गुना खजाना बानसूर में लेकर आऊंगा। चम्बल का पानी भी सबसे पहले अलवर में बानसूर पहुंचेगा।
सब कुछ ठीक हो जाएगा
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पूरे प्रदेश की नेता हैं। उनको किसी भी सूरत में नकारा नहीं जा सकता। खुद को पार्टी से निकाले जाने का वे कई बार जवाब दे चुके हैं कि उनके खिलाफ साजिश के तहत कार्रवाई की है। जिसके बारे में उन्होंने हाईकमान को अवगत करा दिया है। बहुत जल्दी पार्टी के स्तर पर ही सब ठीक हो जाएगा।
इस बार मोदी की भी तारीफ
उन्होंने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ भी की और कहा कि मोदी है तो मुमकिन हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने धारा 370 हटाई, राममंदिर बनाने का रास्ता साफ किया आदि। डॉ. रोहिताश शर्मा आज भी प्रदेश नेताओं पर निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि मैंने बड़े नेताओं के अलवर दौरे की बात कही थी उसे गलत ढंग से पेश किया गया।
प्रदेश नेतृत्व को फिर घेरा
पांच जनों के पास कोई पर्चा लेकर आ जाए उससे थोड़े ही पार्टी चलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर प्रदेश नेतृत्व के कारण ही कांग्रेस केन्द्र से मिले करोड़ों रुपए डकार गए। उन्हांने अटलजी के कार्यों की भी सराहना करते हुए कहा कि किसानों की असली हितेषी वसुंधरा राजे ही हैं। उन्होंने डॉ.किरोड़ीलाल को जमीनी नेता बताते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे नेता को आगे करने की जरूरत हैं।
गांवों से समर्थक आएं
इस भीड़ में भी उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को मजबूती से आने वाले चुनाव लडऩे का संदेश दिया है कहा कि बहुत जल्दी सब बदलने वाला है। कार्यकर्ताओं को यह भी कहा कि उनके लिए आगे भी पूरी लड़ाई लड़ी जाएगी। सब आने वाले चुनावों की तैयारी में जुट जाए। कुछ कार्यकर्ताओं ने चुनावों में टिकट दिलाने को लेकर भी उनके मन की बात जानी। सबको यह कहा कि हम पार्टी से बाहर रहकर भी आप लोगों के लिए पहले की तरह काम करता रहूंगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गांवों से उनके समर्थक आए।

