जयपुर। भाजपा ने वेक्सीन बर्बादी को लेकर राज्य सरकार पर चौतरफ़ा हल्ला बोला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस सरकार ने वैक्सीनेशन में राजनीति की, जो वैक्सीन इनको 18-44 वर्ष की आयु के लोगों को लगानी थी, जिसको लेकर खबरें आई हैं कि किस तरीके से वैक्सीन कबाड़ में मिलीं, ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण व दुखद है, इनके सदुपयोग से काफी संख्या में लोगों को वैक्सीनेशन का मौका मिलता, राज्य सरकार ना कालाबाजारी पर नियंत्रण कर पा रही है, ना वेस्टेज पर, ये वेस्टेज की सरकार है, इससे और क्या उम्मीद की जा सकती है? वैक्सीन का कबाड़ में मिलना, राज्य सरकार द्वारा कोरोना टीकाकरण पर की जा रही सियासत का भंडाफोड़ है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की चिकित्सा व्यवस्था इतनी लचर कैसे रही, ये प्रश्न खड़ा होता है, डॉक्टर्स-नर्सेज भर्ती क्यों नहीं किये, सीएचसी-पीएचसी की व्यवस्थाओं को सुदृढ क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा कि, क्या राज्य में अस्पतालों के दरवाजों पर दम तोड़ते मरीजों को बचाने की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की नैतिक जिम्मेदारी नहीं थी? मोदी सरकार ऑक्सीजन, वैक्सीन, रेमेडिसवर को लेकर राज्य की लगातार मदद कर रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार के कोरोना कुप्रबंधन, वितरण में असमानता, उसमें असंतुलन ये इनकी विफलता के बड़े कारण थे, वे यह चाहते हैं कि आरोप लगाकर बच जाएंगे, लेकिन यह पब्लिक है सब जानती है।
10 लाख लोगों को वैक्सीन लग जातीं
वही केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान में 11.5 लाख कोविड वैक्सीन की बर्बादी पर अशोक गहलोत सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। शेखावत ने कहा कि जितनी वैक्सीन राज्य में खराब हुई हैं, उससे 10 लाख से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन हो सकता था।
शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैक्सीन को लेकर दूरदर्शिता दिखाई, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पी. चिदंबरम, जयराम रमेश, कैप्टन अरमिंदर सिंह समेत दूसरे कांग्रेसी नेता हमारे वैज्ञानिकों की बनाई वैक्सीन पर सवाल उठाते रहे। इन नेताओं को अपने कृत्य के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। जल जीवन मिशन की गति राजस्थान में बेहद धीमी होने पर भी गजेंद्र सिंह ने राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रघु शर्मा पर निशाना साधा
स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने ट्वीट कर वैक्सीन बर्बादी से साफ इनकार करते हुए पत्रकारों पर ही कार्रवाई की धमकी दी, इस पर बीजेपी नेताओं ने रघु शर्मा को घेरा। गजेंद्र शेखावत के बाद उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रघु शर्मा पर निशाना साधते हुए लिखा- रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी झेलते राजस्थान में 21 मार्च को नाइट कर्फ्यू लगाकर 22 मार्च को पंजाब से दुगुने एक्टिव केस होने के बाद भी हजारों इंजेक्शन दूसरे राज्य में भेजने वाले स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा आज की खबर से सतर्क भी हुए और विचलित भी। खोजी पत्रकार तथ्यपरक बातें चाहे किसी भी प्रकार लेकर आए, बोलती तस्वीरें झुठलाई नहीं जा सकती है।
शायद मंत्री जी चाहते हैं कि कोरोना काल में सरकार के कुप्रबंधन व कमियों को लेकर पत्रकार ना छापे और सिर्फ सरकारी भोंपू की तरह ही काम करें। लेकिन स्वतंत्र लोकतंत्र में ऐसा होना नामुमकिन है। गहलोत सरकार किसी भी पत्रकार की आवाज को दबा नहीं सकती।#GehlotWastedVaccine
— Rajendra Rathore (@Rajendra4BJP) May 31, 2021
