जयपुर: देश में एक तरफ कोरोना महामारी का डर है तो दूसरी तरफ राजनेताओं के बोल लोगों के बीच भ्रम का माहौल फैला रहे हैं। कोरोना वायरस की महामारी के दौर में राजनेताओं ने भी खूब ज्ञान दिए। कोई गोमूत्र से कोरोना भगाने का दावा कर रहा था तो कोई दूसरी तरकीब बता रहा था। अब इसी सूची में गहलोत सरकार के जल और ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला भी शामिल हो गए है।
राजस्थान के ऊर्जा और जल मंत्री बीडी कल्ला ने वैक्सीनेशन को लेकर नया ही ज्ञान दिया है। मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि आप लोगों को पता है कि वैक्सीन किसे लगाई जाती है। आज तक अपने देश में वैक्सीन तो बच्चों को ही लगती रही है, बुजुर्गों को वैक्सीन कहां लगती है। उन्होंने कहा कि कोरोना में भी सबसे पहले बच्चों को ही वैक्सीन लगाई जाती क्योंकि बच्चों को बचाना जरूरी होता है।
कल्ला ने कहा कि मोदी सरकार ने कोरोना की वैक्सीन बुजुर्गों को लगवाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि मैंने खुद बुजुर्गों को यह कहते सुना है कि हम तो ऐसे ही 80-85 साल के हो गए हैं। हम कोरोना से मर जाएं तो कोई बात नहीं, पहले हमारे बच्चों को टीका लगाया जाए। मंत्रीजी इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने वैक्सीनेशन पॉलिसी को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की वैक्सीन नीति गलत है। वैक्सीन आई तो सबसे पहले टीका बच्चों को लगाना चाहिए लेकिन मोदी सरकार ने ऐसा नहीं किया जिसकी वजह से सारी समस्या आई है।
केंद्रीय मंत्री का पलटवार
इस बयान पर केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के मंत्री बीडी कल्ला के बयान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन को लेकर कांग्रेस के नेताओं का हास्यास्पद ज्ञान और बयान सुन लीजिए। उन्होंने आगे कहा कि वैक्सीन राजनीति से कांग्रेस अब क्लाउन राजनीति पर आ गई है।
श्रीमान बीडी कल्ला जी के टीकाकरण की नीति पर नये विचार सुनिये!
वैक्सीन की खरीद से लेकर बर्बादी तक, लोगो के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वाली हर तरह की राजनीति करने के बाद अब इनका अगला कदम बच्चे, बूढ़े और जवान में किसको लगनी चाहिए और किसको नहीं पर टिक गया है।
/1#Rajasthan pic.twitter.com/ue1M6fopt7— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) June 11, 2021
माना कि कांग्रेस का मानसिक और राजनीतिक संतुलन बिगड़ा हुआ है, पर इतना ज्यादा बिगड़ा हुआ है?!
सबको पता है कांग्रेस की वैक्सीन पॉलिटिक्स! लेकिन इस स्तर पर होगी, जिसमें हंसी छूट जाए, किसी ने नहीं सोचा था!
अब ये लोग पॉलिटिक्स से “क्लाउन पॉलिटिक्स” पर उतर आए हैं।
/2#Rajasthan— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) June 11, 2021
