जयपुर : वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए हुई सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ने बच्चों के वैक्सीनेशन की अभी से तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि दो से 17 साल के बच्चों के वैक्सीनेशन का ट्रायल चल रहा है, दो महीने में यह पूरा हो जाएगा। अभी केवल धर्म इंसानियत है, लेकिन धार्मिक स्थल खोलने पर हम एक दो दिन में विचार करेंगे। कोरोना अब तो पानी में पहुंच गया है। नया वैरियंट डेल्टा आया है, जो बहुत खतरनाक है। इसने कई रोग पैदा कर दिए, ब्लैक फंगस भी इस वजह से आया है। उन्होंन इस अवसर पर घोषणा की कि 80 फीसदी से ज्यादा जिन गांवों में वैक्सीनेशन होगा वहां उन पंचायतों को 50 लाख या इसके आसपास विकास के लिए अलग से देंगें।
कमियां बताना कोई आलोचना नहीं
गहलोत ने कहा— हम भारत सरकार को चिट्ठी लिखते हैं तो वह फीडबैक है, आलोचना नहीं। वैक्सीन की कमी है तो केंद्र को सूचना दे दी तो उसे ही आलोचना मान लेते हैं। 18 साल से ज्यादा उम्र वालों के नि:शुल्क वैक्साीनेशन के लिए हमें सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा। ऐसे वक्त में कमियां बतानी पड़ती है। राजस्थान में कोरोना के वैरियंट स्टेट इंस्टीटयूट ऑफ वायरोलॉजी की घोषणा बजट में की थी, यह पूणे के बाद राजस्थान में टॉप की संस्था बनेगी। जागरूकता लाई जाएगी
वैक्सीन से मना करने का अधिकार किसी को नहीं है। किसी को दूसरे की जान जोखिम में डालने का अधिकार नहीं है। जिन इलाकों में वैक्सीन लगाने से लोग मना कर रहे हैं उनमें जागरूकता लाई जाएगी।
आदिवासी इलाकों में सिर्फ 10 फीसदी वैक्सीनेशन
विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने आदिवासी इलाकों में सिर्फ 10 फीसदी वैक्सीनेशन होने को चिंताजनक बताते हुए कहा कि वैक्सीनेशन के एक साल बाद फिर से बूस्टर डोज लगाना होगा। अभी वैक्सीनेशन की रफ्तार चल रही है उसके हिसाब से तो तीसरी लहर का मुकाबला नहीं कर पाएंगे। हमें 70 फीसदी आबादी को जल्द से जल्द वैक्सीन लगाने पर जोर देना होगा।
किसने क्या कहा
सर्वदलीय बैठक में भाजपा की ओर से उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ बोले- हमें उम्मीद थी कि आप वैक्सीनेशन का रोडमैप बताएंगे, लेकिन आपने गाथा गा दी। स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने स्वास्थ्य राज्य मंत्री सुभाष गर्ग को राष्ट्रीय लोकदल विधायक के तौर पर बोलने का मौका दिया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की बोलते जुबान स्लीप हो गई और कह दिया कि सभी एनडीए के सांसद जबकि आरएलपी के हनुमान बेनीवाल अपने आपको एनडीए से अलग कर चुके हैं।
विधायक फण्ड लौटाने की मांग
माकपा के बलवान पूनिया ने विधायक फंड से लिए गए 3 करोड़ में से 2.5 करोड़ रुपए अब विकास कार्यों के लिए खर्च करने की मंजूरी देने की मांग की। बीटीपी प्रदेशाध्यक्ष वेलाराम घोघरा ने कहा- वैक्सीनेशन में भी सभी पार्टियों को चुनाव वाला पैटर्न ही अपनाना चाहिए।
धर्मगुरुओं ने उठाई धार्मिक स्थल खोलने की मांग
अजमेर ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह के सदर हाजी सईद हुसैन ने कहा कि अब धार्मिक स्थलों को खोलने की इजाजत दी जाए। दवा के साथ दुआ की भी जरूरत है। मोती डूंगरी जयुपर के महंत कैलाश शर्मा और सिख समाज के प्रतिनिधि अजयपाल सिंह ने कहा- धार्मिक स्थलों को कोरोना गाइडलाइन के हिसाब से खोला जाए।
गांवों में ऑन साइट रजिस्ट्रेशन
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि गांवों में ऑन साइट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की बाध्यता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि 21 जून से 18 साल से ऊपर का एक ही एजग्रुप बनाया है। 18 साल से ऊपर के हर व्यक्ति को एक ही सेंटर पर वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रदेश में 2.08 करोड़ वैक्सीन डोज लग चुके हैं। इनमें 1.74 करोड़ लोगों को पहली डोज लग चुकी है।
