लखनऊ : यूपी चुनाव के घमासान में अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ेंगे। अभी तक कयास लगाए जा रहे थे कि अखिलेश आजमगढ़ के गुन्नौर से चुनावी मैदान में आ सकते हैं, लेकिन आज गुरुवार को सभी कयासों को विराम लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने अखिलेश की सीट का ऐलान कर दिया।
आपको बता दें कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भी इसी विधानसभा से पहला चुनाव लड़ा था और चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके अलावा सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने करहल के जैन इंटर कॉलेज से ही शिक्षा ग्रहण की थी और वे यहां पर शिक्षक भी रहे। करहल मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई से महज चार किलोमीटर की दूरी पर है।
वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश चुनाव में भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मैदान में होंगे। चंद्रशेखर आजाद ने ऐलान किया है कि वह गोरखपुर सदर सीट से सीएम योगी के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले भीम आर्मी चीफ ने 18 जनवरी को यूपी की 33 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया था।
