मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ी हलचल चल रही है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि मार्च तक महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार गिर जाएगी और यहां BJP की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि BJP सरकार आ जाएगी तो आपको अपेक्षित बदलाव दिखाई देगा। शिवसेना ने BJP से नाता तोड़ने के बाद NCP और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। इस गठबंधन को महा विकास अघाड़ी नाम दिया था।
ये बात राणे ने जयपुर में कही है। इसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया है। उधर एनसीपी प्रमुख शरद पावर अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर आज दोपहर में दिल्ली पहुंच रहे हैं। शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल के साथ दिल्ली के लिए मुंबई से रवाना भी हो गए हैं। फडणवीस भी आज सुबह दिल्ली पहुंचे हैं।
कल से महाराष्ट्र बीजेपी के भी कई नेता दिल्ली में डटे हुए हैं। कल रात महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे। देवेंद्र फडणवीस को भी उस बैठक में शामिल होना था लेकिन वे दिल्ली देर से पहुंचे। अभी फिलहाल चंद्रकांत दादा पाटिल और देवेंद्र फडणवीस बीजेपी मुख्यालय में संगठन मंत्री बीएल संतोष से मुलाकात कर रहे है। नारायण राणे ने महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल का नाम लेकर बताया कि उन्होंने ही मार्च तक महाराष्ट्र में सरकार बनाने की बात कही है। मैं उन्हीं की बात आपके सामने कह रहा हूं। हमलोग उनकी कहीं बात को सच साबित करने के लिए एकजुट होकर काम करेंगे।
#WATCH | “Change will be seen in Maharashtra very soon. The change will be seen by March. To form a government, to break a govt, some things have to be kept secret,” Union Minister Narayan Rane in Jaipur (25.11) pic.twitter.com/GAlDtDr1xO
— ANI (@ANI) November 26, 2021
ठाकरे पर टिप्पणी करने से बचे राणे
हालांकि, उन्होंने उद्धव ठाकरे को लेकर इस बार कोई बयानबाजी नहीं की। राणे ने बताया कि उद्धव ठाकरे की तबीयत खराब है, इसलिए मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन गठबंधन सरकार ज्यादा दिनों की नहीं है। बता दें कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की हाल ही में रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई है। 23 अगस्त को नारायण राणे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के ‘कान के नीचे बजाने’ वाला बयान दिया था। इसके बाद पूरे महाराष्ट्र में शिवसैनिकों ने उग्र प्रदर्शन किया था। नारायण राणे के रायगढ़ से महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि, कुछ देर बाद ही उन्हें जमानत दे दी गई थी।
