नई दिल्ली :सागर धनखड़ मर्डर में गिरफ्तार ओलंपिक पदक विजेता रेसलर सुशील कुमार से पूछताछ की जा रही है। क्राइम ब्रांच के आला अधिकारियों के मुताबिक, सुशील कुमार जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, गैंगेस्टर के साथ संबंधों को लेकर सुशील कुमार मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं। अब गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने सागर मर्डर केस में काला असौदा-नीरज बवाना गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। भूपेंद्र, मोहित, गुलाब और मंजीत ने पूछताछ के दौरान सागर की हत्या की पूरी साजिश और घटनाओं के क्रम का खुलासा किया है। अब तक इस केस में सुशील कुमार समेत सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
इस बीच दिल्ली पुलिस के सूत्रों का कहना है कि ओलंपियन, स्टार रेसलर, पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त सुशील कुमार किसी पेशेवर मुजरिम की तरह दिल्ली के मॉडल टाउन थाने की हवालात में फर्श पर बैठे रो रहे थे।हालत ये थे कि उनको बैठने के लिए एक बेंच तक नहीं मिला।
दरअसल, सुशील कुमार को गिरफ्तार करने के बाद दिल्ली पुलिस ने अदालत से उनके और उनके साथी अजय बक्करवाला के 12 दिनों की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत से छह दिनों की रिमांड ही मिल सकी, जिसके बाद पुलिस उन्हें लेकर मॉडल टाउन के उस फ्लैट और छत्रसाल स्टेडियम तक भी गई, जहां से वारदात की शुरुआत हुई और जहां वारदात ख़त्म हुई।
