नई दिल्ली: 10 जनवरी से लगने वाले तीसरे या प्रिकॉशन डोज के लिए एलिजिबल लोग शनिवार शाम, यानी आज से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी किया जा सकता है। देश में प्रिकॉशन डोज तीन प्रॉयोरिटी ग्रुप- हेल्थ वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और कोमॉर्बिडिटी (कई बीमारियों से ग्रसित) वाले 60 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों को दी जानी है। PM मोदी ने इसे लेकर 25 दिसंबर को ऐलान किया था।
सरकार की तरफ से जारी गाइनलाइन के मुताबिक, प्रिकॉशन डोज कोरोना वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने की तारीख से नौ महीने (39 हफ्ते) बाद ही लिया जा सकता है। जब भी संबंधित व्यक्ति प्रिकॉशन डोज के लिए एलिजिबल हो जाएगा, तो कोविन उसे टेक्स्ट मैसेज भेजकर ये सूचित करेगा कि उसको तीसरा डोज या प्रिकॉशन डोज लगना है।
प्रिकॉशन डोज 60 साल से अधिक उम्र के केवल उन्हीं लोगों को लगाया जाना है, जो कोमॉर्बिडिटी (एक से ज्यादा बीमारियों) से जूझ रहे हैं। सरकार ने कोमॉर्बिडिटी के तहत आने वाली 22 बीमारियों की लिस्ट जारी की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ किया है कि कोमॉर्बिडिटी वाले 60 साल और उससे ज्यादा उम्र के सभी लोगों को प्रिकॉशन डोज के लिए डॉक्टर से कोई सर्टिफिकेट देने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, ऐसे लोगों को डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया है। प्रिकॉशन डोज के लिए कोविन (CoWIN) पर स्लॉट बुक करना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, प्रिकॉशन डोज देने वाले वैक्सीन सेंटर्स की जानकारी कोविन से ही मिल पाएगी। प्रिकॉशन डोज लेने के बाद इसकी जानकारी लाभार्थी के वैक्सीन सर्टिफिकेट में दिखने लगेगी।
