Headlines

गोल्ड मेडल मुकाबले में रवि दहिया रूसी पहलवान से हारे,भारत के खाते में सिल्वर मेडल

Ravi Dahiya lost to Russian wrestler in gold medal match, silver medal in India's account

टोक्यो : कुश्ती के अखाड़े में रवि दहिया से गोल्ड मेडल की उम्मीद खत्म हो गई है। 57 किलोग्राम वेट कैटेगरी के फाइनल में रवि 2 बार के वर्ल्ड चैंपियन रूस के जावुर युगुऐव से हार गए हैं। हालांकि, रवि सिल्वर मेडल लेकर ही भारत लौटेंगे। युगुऐव ने उन्हें 3 पॉइंट से मात दी। रवि ने कुश्ती के सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के सनायेव नूरीस्लाम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रवि को ये जीत विक्ट्री बाय फॉल नियम से मिली थी यानी उन्होंने नूरीस्लाम को मुकाबले से ही बाहर कर दिया था।

रवि और युगुऐव दोनों शानदार फॉर्म में

रवि और युगुऐव दोनों इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं। दोनों इससे पहले 2019 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भिड़ चुके हैं। तब रूसी रेसलर ने भारतीय पहलवान को कड़े मुकाबले में 6-4 से हराया था। रवि को इस चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल मिला था। रवि ने 2020 और 2021 एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं 2018 अंडर-23 चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।

रवि ने सेमीफाइनल में शानदार जीत हासिल की

चौथी वरीयता प्राप्त रवि दहिया ने सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के नूरीस्लाम को चित करके मुकाबला जीता। सेमीफाइनल में रवि एक समय 8 पॉइंट से पीछे चल रहे थे। लगा कि वे हार जाएंगे, लेकिन 1 मिनट बाकी रहते रवि ने कजाक पहलवान को चित किया और मुकाबले से ही बाहर कर दिया। उन्हें विक्ट्री बाय फॉल रूल से विजेता करार दिया गया।

रवि ने टोक्यो में भारत का चौथा मेडल पक्का किया

रवि ने टोक्यो ओलिंपिक में भारत के लिए चौथा मेडल पक्का कर दिया है। उनके अलावा मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में सिल्वर, पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में ब्रॉन्ज और लवलिना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। यह 2012 लंदन ओलिंपिक के बाद भारत का दूसरा सबसे सफल ओलिंपिक बन गया है। रवि पहलवान सुशील कुमार के बाद कुश्ती के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *