नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। PM मोदी ने राष्ट्रपति को पंजाब दौरे पर उनकी सुरक्षा में हुई गड़बड़ियों की पूरी जानकारी दी। राष्ट्रपति कोविंद ने PM की सुरक्षा में चूक पर चिंता जाहिर की है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने PM की सुरक्षा चूक को दुर्भाग्यपूर्ण कहा है।
उपराष्ट्रपति ने की पीएम मोदी से बात
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने पंजाब दौरे के दौरान सुरक्षा चूक पर पीएम मोदी से बात की और गहरी चिंता व्यक्त की। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में हुई इस चूक पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए, उपराष्ट्रपति ने अपेक्षा की कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं जिससे भविष्य में दोबारा इस प्रकार की चूक न हो।
पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक मामले में राज्यपाल से भी मुलाकात
पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में एक शिष्टमंडल राज्यपाल से आज राजभवन में मिलेगा। पंजाब सरकार ने फिरोजपुर में फंसे प्रधानमंत्री काफिले और बाद में लौटने के मामले को सुरक्षा में चूक नहीं माना है। लेकिन इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
