Headlines

वाराणसी में पायलट किसानों के मुद्दे पर योगी- मोदी दोनों पर जमकर बरसे, बोले- यूपी के चुनाव परिणाम चौकाने वाले होंगे

पायलट

वाराणसी। यूपी चुनाव में प्रचार के लिए गए राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने किसानों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और यूपी सरकार को निशाने पर लिया। पायलट ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बीजेपी राज में किसानों की आमदनी तो दोगुनी नहीं हुई लेकिन अन्नदाता का दर्द सौ गुना हो गया। अन्नदाता के साथ जिस तरह अत्याचार किया, उनके मान सम्मान को ठेस पहुंचाई, बीजेपी को उसका जवाब देना पड़ेगा। इस बात का शक है कि जैसे ही चुनाव खत्म होंगे, केंद्र सरकार बैकडोर से कृषि कानून लागू करने का प्रयास करेगी।

किसानों से किस मुंह से समर्थन मांगेंगे

पायलट ने कहा कि देश में किसान कर्ज में डूबा है। खाद-बीज की लागत बढ़ गई है। वो लोग जो कहते थे कि किसान की आय दोगुनी करेंगे, उसका उल्टा किया। बीजेपी सरकार ने किसान के मान सम्मान को ठेस पहुंचाई है। केंद्रीय मंत्री के बेटे ने किसानों को कुचल दिया, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। किसानों को दबाने और उन्हें कुचलने का काम करेंगे तो किस मुंह से उनसे समर्थन की मांग करेंगे।

उन्होंने कहा कि पांच साल योगी की सरकार को और सात साल केंद्र सरकार को हो गए। जिस तबके को विश्वास में लेकर इन्होंने वोट लिए, वह हर तबका आज ठगा सा महसूस कर रहा है। इन्होंने किसी वर्ग को राहत नहीं दी। बीजेपी सरकार ने चंद नजदीकी लोगों के लाखों करोड़ के कर्ज माफ कर दिए लेकिन किसानों को राहत नहीं दी। उपचुनावों में बीजेपी ​हारी, इसके बाद तीनों कृषि कानून काननू वापस लिए।

यूपी के नतीजे चौंकाने वाले होंगे

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी पुलिस और यूपी सरकार कानून के दायरे से बाहर जाकर काम करते हैं । यहां के सीएम हिंदू-मुस्लिम की बात करते हैं और 80 बनाम 20 की बात कहकर लोगों को बांटने वाले बयान देते हैं। यूपी सीएम ने विज्ञापन में फोटो छपवाने के अलावा धरातल पर किसी की मदद नहीं की। यूपी चुनाव में कांग्रेस की सीटों के सवाल पर पायलट ने कहा कि नतीजे चौंकाने वाले होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *