नई दिल्ली : टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। हादसा इतना भयावह था कि क्रिकेटर की मर्सिडीज कार डिवाइडर से टकराने के बाद पूरी तरह जलकर खाक हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक पंत के पैर में गंभीर चोट आई है। गाड़ी का शीशा तोड़कर पंत को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। पंत दिल्ली से अपने घर उत्तराखंड लौट रहे थे। रुड़की के नारसन बॉर्डर पर हम्मदपुर झाल के पास उनकी कार हादसे का शिकार हुई। पंत के सिर और पैर में चोट आई है। उनकी पीठ में भी काफी चोट है। हालांकि, उनकी हालत स्थिर बनी हुई है ।
पंत की गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी और डिवाइडर से टकराने के बाद गाड़ी रेलिंग तोड़कर दूसरी तरफ जा पहुंची, जिसके बाद उसमें आग लग गई l घटना सुबह 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर गंभीर रूप से घायल ऋषभ पंत को दिल्ली रोड स्थित सक्षम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। शुरुआत में पंत की हालत गंभीर थी, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हुआ। इसके बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल ले जाया गया। यहां उनकी प्लास्टिक सर्जरी भी होगी। सक्षम हॉस्पिटल के डॉक्टर सुशील नागर ने बताया कि ऋषभ पंत के पैर में फ्रैक्चर आया है और माथे पर भी चोट है। माथे पर कुछ टांके लगाए गए हैं।