नई दिल्ली: राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित फिल्म हेरिटेज फाउण्डेशन के संस्थापक निदेशक और विख्यात फिल्मकार तथा राजस्थान के डूंगरपुर राजघराने से सम्बद्ध शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर महानायक अमिताभ बच्चन और प्रसिद्ध फिल्म निदेशक आर वालकी की नई फिल्म घूमर में अभिनय करेंगे।इस फिल्म में अभिषेक बच्चन और सयामी खेर मुख्य भूमिका निभा रहें हैं। फिल्म में शबाना आज़मी और अंगद बेदी भी शामिल हैं। यह फिल्म अमिताभ एवं वालकी एक साथ मिल कर बना रहें है।फिल्म की शूटिंग अभिषेक बच्चन के जन्म दिवस पर इस माह के पहले सप्ताह में शुरु हो गई है।
अपने जन्मदिन पर (5 फरवरी) अभिषेक बच्चन ने आर वालकी की घूमर फिल्म के लिए शूटिंग की जिसमें शबाना अज़मी, साईमी खेर और अंगद बेदी भी शामिल हैं। जूनियर बच्चन ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा है कि राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता और फिल्म विरासत फाउंडेशन के संस्थापक निदेशक शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर भी इस बहु प्रतीक्षित फिल्म के कलाकारों में शामिल हो गए हैं।
शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर के अनुसार फिल्म निर्माता निदेशक वालकी ने हाल ही में विशाल भारद्वाज द्वारा निर्मित की जा रही एक फिल्म में उनकी तस्वीर देखी जिसमें शिवेंद्र सिंह नसीरूद्दीन शाह और आदिल के साथ एक पुलिस ऑफ़िसर की भूमिका में है जिसे देख उन्हें घूमर में एक महत्वपूर्ण भूमिका की पेशकश की गई ।
शिवेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआत में मैं थोड़ा संकोच में था क्योंकि अभिनय वास्तव में मेरा करियर नहीं है, लेकिन वालकी ने मुझे अपने ऑफ़िस में आमंत्रित किया और बताया कि फिल्म में मैंरी भूमिका शबानाजी और साईमी खेर के पात्रों से जुड़ी होगी जो कि एक अच्छी भूमिका है। उन्होंने बताया कि”मैं अभिनय सहित सिनेमा के हर पहलू का आनंद लेना चाहता हूं। मुझे नहीं पता कि अभिनय में कितनी सफलता मिलेगी? लेकिन मैं अपने इस नए किरदार का आनंद ले रहा हूं। अब तक मैं कैमरे के पीछे रह फिल्म बनाने का काम करता रहा हूँ और अब नई भूमिका में अवतरित हो कर अन्य कलाकारों के साथ रिहर्सल करने से मेरा आत्मविश्वास बहुत बढ़ा है।
मैं इस महीने के अंत तक कास्ट में शामिल हो जाऊँगा और हम मुंबई, नवी मुंबई और पुणे में इसके लिए शूटिंग करेंगे। बताते है कि इस फिल्म में रवि शास्त्री और हर्षा भोगले भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में है।
दिलचस्प बात यह है कि अमिताभ बच्चन शिवेंद्र के फिल्म हेरिटेज फाउण्डेशन के ब्रांड एम्बेसेडर है वहीं वालकी और
शिवेंद्र ने पहले भी एक साथ काम किया है। “हमने एक लंबा सफर तय किया हैं, क्योंकि मैंने उनके लिए बहुत सी विज्ञापन फ़िल्मों पर काम किया है। इस लिहाज़ से वे मुझे अच्छी तरह से जानते हैं। इसी प्रकार अभिषेक बच्चन और शबाना आज़मी को भी मैं लंबे समय जानता हूँ। मैंने जावेद अख्तर साहब के साथ एक शो के लिए लम्बे समय तक काम किया है। मैंने गुलजार साहब को उनकी फिल्म लिबास में सक्रिय किया था , जिसमें शबाना जी भी थी। इस तरह हम एक दूसरे को खूब जानते हैं। जब हमारा घूमर के सिलसिले में मिलना हुआ तो वह यह जानकर आश्चर्यचकित हुई कि मैं भी फिल्म में अभिनय कर रहा हूँ ।
उल्लेखनीय है कि शिवेंद्र सिंह डूंगरपुर राजघराने के सदस्य है। उनके पिता समर सिंह सेवानिवृत्त आई ए एस है। शिवेंद्र के अंकल राज सिंह डूंगरपुर बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष थे। वे डूंगरपुर के वर्तमान महारावल महिपाल सिंह के भतीजे और राज्य सभा सांसद हर्षवर्धन सिंह डूंगरपुर के चचेरे भाई है।
