नई दिल्ली: पांच राज्यों में कांग्रेस को मिली करारी हार पर कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक सोनिया गांधी की अध्यक्षता में मंथन के लिए शुरू हो गई है। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वरिष्ठ नेता एके एंटोनी तबीयत खराब होने की वजह से मीटिंग में नहीं पहुंचे।
CWC की बैठक से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की कमान संभाले। उन्होंने कहा कि हार से घबराने की जरूरत नहीं है। भाजपा चुनाव के समय में हिंदु-मुस्लिम करती है और बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों को पीछे कर देती है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के दौरान कांग्रेस हेडक्वाटर्स के बाहर कार्यकर्ता जमा हुए और उन्होंने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर नारेबाजी की। इसके साथ ही उन्होंने प्रियंका गांधी के समर्थन में भी नारे लगाए।
पार्टी नेताओं पर अध्यक्ष चुनने का दबाव
सूत्रों ने कहा कि चुनावी हार के मद्देनजर पार्टी भीतर भी रोष है। 2019 के लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद पार्टी के असंतुष्ट नेताओं ने जी-23 बनाया था। तब सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष तो बना दिया गया, लेकिन तब से अब तक लगभग तीन साल में पार्टी अपना अध्यक्ष नहीं बना सकी है।
