नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी ने आज कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। साउथ अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के डर से दुनियभार में प्रतिबंध लगने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि नए वैरिएंट को लेकर हमें अभी से अलर्ट होने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में छूट देने की जो योजनाएं हैं, उनकी फिर से समीक्षा भी की जानी चाहिए।
पीएम मोदी ने नए वैरिएंट को लेकर दी हिदायतें
इमरजेंसी मीटिंग में प्रधानमंत्री मोदी ने नए वैरिएंट को लेकर कहा कि हमें अभी से तैयार रहने की जरूरत है। जिन इलाकों में ज्यादा केस आ रहे हैं, वहां पर निगरानी और कंटेनमेंट जैसी सख्ती जारी रखी जाए। उन्होंने कहा लोगों को और ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी चीजों का पालन सही तरह से किया जाए। उन्होंने अफसरों को कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में छूट देने की योजना की फिर से समीक्षा करने की जरुरत है। कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज की कवरेज बढ़ाने पर फोकस करना चाहिए। राज्यों को इस बात पर ध्यान देना होगा कि जिन्हें पहली डोज मिल गई है, उन्हें दूसरी डोज समय पर दे दी जाए।
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में यह बैठक ऐसे समय बुलाई गई है, जब अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर दुनियाभर के देश डर गए हैं। वैज्ञानिकों ने इसे B.1.1.529 नाम दिया है। इसे WHO ने वैरिएंट ऑफ सीरियस कंसर्न बताया है।
पीएम ने अधिकारियों को विभिन्न दवाओं के पर्याप्त बफर स्टॉक सुनिश्चित करने के लिए राज्यों के साथ कॉर्डिनेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से बाल चिकित्सा सुविधाओं सहित चिकित्सा बुनियादी ढांचे के कामकाज की समीक्षा के लिए राज्यों के साथ काम करने को कहा है। पीएम ने अधिकारियों से पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों और वेंटिलेटर के उचित कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए राज्यों के साथ समन्वय करने को कहा है।
