नई दिल्ली: यूक्रेन और रूस का युद्ध लगातार 7वें दिन भी जारी है। इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के चलाये जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ में वायुसेना भी शामिल हो गई है। वायुसेना के दो ट्रांसपोर्ट विमान C-17 ने बुधवार सुबह हिंडन एयरबेस से उड़ान भरी। वायु सेना का एक विमान, टैंट, कंबल और अन्य मानवीय सहायता सामग्री लेकर हिंडन एयरबेस से रवाना हुआ।
माना जा रहा है कि अपनी पहली उड़ान में ही 400 से ज्यादा भारतीय छात्रों को यह विमान एयरलिफ्ट करके बुधवार शाम तक भारत ला सकता है। इस बीच भारतीयों को लेकर एक और फ्लाइट दिल्ली पहुंची है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एयरपोर्ट पर यात्रियों का स्वागत किया।
उधर, ऑपरेशन गंगा की निगरानी के लिए रोमानिया के बुखारेस्ट पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वहां इंतजार कर रहे भारतीयों से बात की। वे रोमानिया और मोलडोवा के राजदूत से भी मिले। सिंधिया ने बताया कि मोलडोवा की बॉर्डर भी भारतीयों के लिए खोल दी गई है। वहां पहुंचने वाले भारतीयों के ठहरने का भी इंतजाम कर दिया गया है।

